पत्रकार की हत्या के आरोप में 3 स्थानीय रिपोर्टर गिरफ्तार, पुलिस को ऐसे हुआ शक

बिहार के पूर्वी चंपारण में टीवी चैनल के रिपोर्टर मनीष कुमार सिंह  की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे अब पूछताछ की जा रही है

समाचार4मीडिया ब्यूरो by
Published - Thursday, 12 August, 2021
Last Modified:
Thursday, 12 August, 2021
Manish Kumar


बिहार के पूर्वी चंपारण में टीवी चैनल के रिपोर्टर मनीष कुमार सिंह  की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे अब पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरेंद्र कुमार, अशजद आलम और महेंद्र सिंह के तौर पर हुई है और ये सभी स्थानीय रिपोर्टर हैं। एसपी नवीन चंद्रा ने बताया कि आरोपी अमरेंद्र के घर से मृतक पत्रकार मनीष का बैग, आई कार्ड, हेडफोन समेत कई सामान जब्त किया गया है।

पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं अब तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बता दें कि तीन दिनों से लापता रहे टीवी न्यूज चैनल के रिपोर्टर मनीष कुमार सिंह का शव मंगलवार को तालाब में मिला। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मनीष ‘सुदर्शन न्यूज’ चैनल में अरेराज अनुमंडल संवाददाता के पद पर कार्य करते थे।

बता दें कि मनीष शनिवार की शाम से गायब थे, जिसके बाद उनके पिता संजय सिंह ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अमरेंद्र कुमार और असजद आलम समेत 13 लोगों को नामजद किया था। मंगलवार को जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र स्थित मठलोहियार गद्दी टोला के समीप तालाब से मनीष का शव बरामद हुआ था। उनकी एक आंख भी गायब थी।

बताया जाता है कि मनीष कुमार एक पार्टी में जाने के लिए घर से बाहर निकले थे, उसके बाद वह वापस ही नहीं लौटे। तब जाकर उनकी गुमशुदगी की बात पता चल सकी। गायब होने से पहले मनीष ने अपने परिवार को मठ लोहियार गांव के गद्दी टोला के पास होने की बात कही थी। पत्रकार ने कहा था कि वह पार्टी से जल्द वापस लौटेंगे। मनीष को आखिरी बार अमरेंद्र कुमार, अशजद आलम और महेंद्र सिंह के साथ देखा गया था। घटना वाली जगह से पुलिस को CCTV फुटेज मिला था, जिसमें तीनों गिरफ्तार आरोपी और मनीष साथ जाते दिख रहे थे, लेकिन लौटने के समय पर जर्नलिस्ट उनके साथ नहीं था। इसके बाद पुलिस को तीनों पर शक हुआ और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं है।

मनीष के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया था। शव के सड़ने की वजह से उसे SKMCH रेफर कर दिया गया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर पहुंचा।

एक स्थानीय अखबार से जुड़े संजय सिंह का आरोप है कि जमीन के विवाद में उनके बेटे की हत्या की गई है। संजय सिंह का कहना है कि उनके बेटे का गला रेता गया था, जबकि शरीर पर कई जगह चाकू से गोदने के निशान थे। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस पर भी इस मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है।

  

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

TV9 मराठी के मैनेजिंग एडिटर उमेश कुमावत बने म्यूजिक कंपोजर, दूसरा रैप सॉन्ग चर्चा में

'Ur Trending in My Heart' के जरिए की शुरुआत, इस गाने ने यूट्यूब पर 3.52 लाख व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 25 November, 2026
Last Modified:
Wednesday, 25 November, 2026
Umesh Kumawat

पत्रकारिता की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले TV9 मराठी के मैनेजिंग एडिटर उमेश कुमावत इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में हैं। खबरों की दुनिया में दो दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले उमेश कुमावत का संगीत के प्रति जुनून भी लोगों के सामने आ रहा है। उन्होंने अपना दूसरा रैप-हिप-हॉप गाना 'Ur Trending in My Heart' रिलीज किया है। खास बात यह है कि इस गाने के साथ उन्होंने पहली बार म्यूजिक कंपोजर के तौर पर भी अपनी शुरुआत की है।

उमेश कुमावत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस गाने की जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, यह गाना दुनियाभर के 150 म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसे यूट्यूब, एप्पल म्यूजिक, स्पॉटिफाई, अमेजन म्यूजिक और गाना जैसे प्लेटफॉर्म पर सुना जा सकता है। इस गाने ने यूट्यूब पर 3.52 लाख व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है।

बता दें कि 'Ur Trending in My Heart' उमेश कुमावत का दूसरा गाना है। इससे पहले उन्होंने 'Thak Gaya Main Sala' नाम से अपना पहला रैप सॉन्ग रिलीज किया था। इस गाने के बोल उमेश कुमावत ने लिखे थे और अपनी आवाज भी दी थी। फरवरी 2024 में रिलीज हुए इस गाने का संगीत सुनील सिंह ने तैयार किया था। इस तरह संगीत के क्षेत्र में उमेश का सफर पहले गाने से शुरू हुआ और अब दूसरे गाने के जरिए उन्होंने म्यूजिक कंपोजिशन में भी कदम रखा है।

नए गाने की खास बात यह है कि इसके बोल लिखने, संगीत तैयार करने और गाने की जिम्मेदारी उमेश कुमावत ने खुद संभाली है। समाचार4मीडिया से बातचीत में उमेश कुमावत ने बताया कि इस गाने का आइडिया करीब नौ साल पहले उनके मन में आया था। अब इसे रैप-हिप-हॉप अंदाज में तैयार कर श्रोताओं के सामने पेश किया गया है। गाने की थीम और अंदाज आज की डिजिटल पीढ़ी और खासकर जेन-जी (Gen Z) को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

यह रहा गाने का वीडियो

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

जियोस्टार में आकाश गुप्ता को मिली प्रोडक्ट फंक्शन की कमान

जियोस्टार ने एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स कारोबार में संगठनात्मक बदलाव किए हैं। नए ढांचे में आकाश गुप्ता प्रोडक्ट फंक्शन का नेतृत्व करेंगे, जबकि श्रीनिवास एसजी और चंद्रू आर उन्हें रिपोर्ट करेंगे।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 25 November, 2026
Last Modified:
Wednesday, 25 November, 2026
jiostar

जियोस्टार (JioStar) ने अपने एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स बिजनेस में कई संगठनात्मक बदलावों की घोषणा की है। नए ढांचे के तहत आकाश गुप्ता (Aakash Gupta) प्रोडक्ट फंक्शन का नेतृत्व करेंगे। श्रीनिवास एसजी (Srinivas SG) और चंद्रू आर (Chandru R) अब गुप्ता को रिपोर्ट करेंगे।

आकाश गुप्ता इससे पहले जियोस्टार में प्रोडक्ट, मोनेटाइजेशन और न्यू बेट्स (Product-Monetization and New Bets) के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (EVP) के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें प्रोडक्ट फंक्शन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कंपनी ने एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स कारोबार में संगठनात्मक ढांचे को लेकर यह बदलाव किए हैं। नई व्यवस्था का उद्देश्य विभिन्न फंक्शंस की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करना, टीमों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और डिजिटल क्षमताओं को मजबूत करना है।

जियोस्टार के मुताबिक, ये बदलाव कंपनी के विकास के अगले चरण को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। नए ढांचे के जरिए कंपनी विभिन्न टीमों के बीच समन्वय बेहतर बनाने और डिजिटल कारोबार से जुड़ी क्षमताओं को मजबूत करने पर काम करेगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

पत्रकारिता को बाय बोलकर न्यूज एंकर पवन पांडेय ने चुनी अध्यात्म की राह

समाचार4मीडिया से बातचीत में पवन पांडेय ने बताया कि उन्होंने सांसारिक बंधनों का त्याग कर दिया है और यह फैसला परिवार की सहमति से लिया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 25 November, 2026
Last Modified:
Wednesday, 25 November, 2026
Pavan Pandey

 करीब 16 साल तक पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रहे न्यूज24 के पूर्व एंकर पवन पांडेय ने अब आध्यात्मिक जीवन की राह चुन ली है। लंबे समय तक न्यूज24 मध्यप्रदेश/छत्तीसगढ़ में एंकरिंग की जिम्मेदारी संभालने वाले पवन पांडेय अब संत परंपरा में नई पहचान के साथ अपनी जीवन यात्रा आगे बढ़ाएंगे।

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में स्थित ककरौआ मंदिर आश्रम में मंगलवार, 24 नवंबर को उनका पट्टाभिषेक संपन्न हुआ। इसके साथ ही उन्हें उनके गुरु महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 माधव मुकुंद दास जी महाराज ने नया नाम 'महंत रामसेवक दास' प्रदान किया।

समाचार4मीडिया से बातचीत में पवन पांडेय ने अपने इस फैसले के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने सांसारिक बंधनों का त्याग कर दिया है और आध्यात्मिक जीवन अपनाने का निर्णय परिवार की सहमति से लिया है। उनके मुताबिक, यह उनके जीवन का एक बड़ा बदलाव है और अब वह अपना जीवन सनातन परंपरा, आध्यात्मिक साधना और सेवा के मार्ग पर समर्पित करना चाहते हैं।

शाहजहांपुर के ककरौआ मंदिर स्थित आश्रम में आयोजित पट्टाभिषेक कार्यक्रम अयोध्याधाम के महामंडलेश्वर माधव मुकुंद दास जी महाराज के करकमलों से संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन के बाद पवन पांडेय अब संत परंपरा में महंत रामसेवक दास के रूप में अपनी नई भूमिका निभाएंगे।

गौरतलब है कि पवन पांडेय ने अपने पत्रकारिता करियर में प्रिंट मीडिया के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी काम किया। न्यूज24 के मध्यप्रदेश/छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय संस्करण में उन्होंने लंबे समय तक एंकर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाई। अब पत्रकारिता के इस लंबे सफर को विराम देकर उन्होंने आध्यात्मिक जीवन को अपनाने का फैसला किया है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

जॉनाथन मुनरो को फिर मिली बीबीसी न्यूज़ के वैश्विक नेतृत्व की जिम्मेदारी

जॉनाथन मुनरो बीबीसी न्यूज़ के ग्लोबल डायरेक्टर पद पर लौट आए हैं। वह बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले वह बीबीसी न्यूज़ एंड करेंट अफेयर्स के अंतरिम सीईओ थे।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
bbc

जॉनाथन मुनरो (Jonathan Munro) बीबीसी न्यूज़ (BBC News) के ग्लोबल डायरेक्टर (Global Director) पद पर वापस लौट आए हैं। इस भूमिका में वह बीबीसी वर्ल्ड सर्विस (BBC World Service) की जिम्मेदारी संभालेंगे।

मुनरो ने लिंक्डइन (LinkedIn) पर पोस्ट के जरिए अपनी नियुक्ति की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “आज मैं पत्रकारिता की सबसे बेहतरीन नौकरियों में से एक में वापस लौट रहा हूं – बीबीसी न्यूज़ के ग्लोबल डायरेक्टर के रूप में, जहां बीबीसी वर्ल्ड सर्विस जैसी प्रमुख संस्था की जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए सम्मान की बात है।”

वह नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक बीबीसी न्यूज़ एंड करेंट अफेयर्स (BBC News and Current Affairs) के अंतरिम सीईओ (Interim CEO) के रूप में कार्यरत थे। इस दौरान वह बीबीसी की एग्जीक्यूटिव कमेटी (Executive Committee – ExCo) के सदस्य भी रहे।

इससे पहले भी मुनरो 2022 के अधिकांश समय में अंतरिम भूमिका में रहे थे। उस दौरान उन्होंने बीबीसी न्यूज़ के अंतरिम डायरेक्टर के तौर पर काम किया और बीबीसी बोर्ड तथा एग्जीक्यूटिव कमेटी (ExCo), दोनों का हिस्सा रहे।

मुनरो ने 2014 में बीबीसी जॉइन किया था। पिछले एक दशक में उन्होंने कई बड़े वैश्विक घटनाक्रमों के दौरान नेटवर्क की न्यूज कवरेज का नेतृत्व किया है। बीबीसी में आने से पहले वह आईटीएन (ITN) में 26 साल तक कार्यरत थे।

उन्होंने वहां एडिटोरियल ट्रेनी के रूप में करियर शुरू किया और बाद में ब्रिटेन, यूरोप तथा दुनिया के अन्य हिस्सों में कॉरेस्पॉन्डेंट के तौर पर काम किया।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

HT से सुकुमार की विदाई के मौके पर भावुक हुए शशि शेखर, बोले- आपकी कमी खलेगी

हिन्दुस्तान के एडिटर-इन-चीफ शशि शेखर ने सोशल मीडिया पर साझा की पोस्ट, आर. सुकुमार को बताया अपने जानने वाले बेहतरीन संपादकों में से एक और सच्चा दोस्त।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
Shashi Shekhar

हिन्दुस्तान टाइम्स निवर्तमान एडिटर-इन-चीफ आर. सुकुमार की संस्थान से विदाई के मौके पर वरिष्ठ पत्रकार और हिन्दुस्तान के एडिटर-इन-चीफ शशि शेखर ने भावुक पोस्ट साझा की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर उन्होंने 17 साल के शानदार सफर, अनगिनत यादों और एक यादगार शाम का जिक्र करते हुए सुकुमार की तारीफ की। शशि शेखर ने उन्हें अपने जानने वाले बेहतरीन संपादकों में से एक और सच्चा दोस्त बताया।

शशि शेखर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 17 साल का शानदार काम, अनगिनत यादें और आज की एक यादगार शाम के साथ एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि भले ही यह बदलाव अचानक हुआ है, लेकिन वह हर कदम पर सुकुमार के साथ हैं।

सुकुमार की तारीफ करते हुए शशि शेखर ने उन्हें उन बेहतरीन संपादकों में से एक बताया, जिन्हें उन्होंने जाना है। उन्होंने सुकुमार को अपना सच्चा दोस्त बताते हुए लिखा कि उनकी कमी खलेगी।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

HT की टीम ने सुकुमार रंगनाथन को दी विदाई, सोनल कालरा ने कही दिल छू लेने वाली बात

हिन्दुस्तान टाइम्स (Hindustan Times) की लीडरशिप टीम ने अपने निवर्तमान एडिटर-इन-चीफ सुकुमार रंगनाथन (R. Sukumar) को विदाई दी।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
Sonal Kalra Tweet

हिन्दुस्तान टाइम्स (Hindustan Times) की लीडरशिप टीम ने अपने निवर्तमान एडिटर-इन-चीफ सुकुमार रंगनाथन (R. Sukumar) को विदाई दी। इस मौके पर हिन्दुस्तान टाइम्स की चीफ मैनेजिंग एडिटर (एंटरटेनमेंट एंड लाइफस्टाइल) सोनल कालरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर उनके प्रति सम्मान जाहिर किया।

उन्होंने लिखा कि हिन्दुस्तान टाइम्स की लीडरशिप टीम सुकुमार को विदाई दे रही है। सोनल ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, 'एडिटर-इन-चीफ तो कई होते हैं, लेकिन सुकुमार जैसा कोई नहीं।'

सोनल कालरा की इस पोस्ट में सुकुमार रंगनाथन के प्रति उनके सहयोगियों के सम्मान और उनके साथ जुड़ाव की झलक देखने को मिलती है। गौरतलब है कि सुकुमार रंगनाथन ने करीब दो दशक तक HT Media के साथ काम किया। वह बिजनेस अखबार मिंट (Mint) के संस्थापक संपादकों में शामिल रहे और बाद में हिन्दुस्तान टाइम्स के एडिटर-इन-चीफ की जिम्मेदारी संभाली। अगस्त 2026 में उनके संस्थान छोड़ने की घोषणा हुई थी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Tata Play के ब्रॉडबैंड कारोबार पर ACT की नजर, कीमत पर फंसा पेंच!

टाटा संस और वॉल्ट डिज्नी की संयुक्त हिस्सेदारी वाली डायरेक्ट-टू-होम (DTH) कंपनी टाटा प्ले अपने ब्रॉडबैंड कारोबार को बेचने की तैयारी में है।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
TATAPlay54454

टाटा संस और वॉल्ट डिज्नी की संयुक्त हिस्सेदारी वाली डायरेक्ट-टू-होम (DTH) कंपनी टाटा प्ले अपने ब्रॉडबैंड कारोबार को बेचने की तैयारी में है। कंपनी इस कारोबार को बेचने के लिए एसीटी फाइबरनेट (ACT Fibernet) का संचालन करने वाली कंपनी एट्रिया कन्वर्जेंस टेक्नोलॉजीज (Atria Convergence Technologies) के साथ बातचीत कर रही है। 'इकोनॉमिक टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कंपनियों के बीच अभी कीमत को लेकर सहमति नहीं बन पाई है।

1,500 करोड़ रुपये की मांग, ACT का 800 करोड़ का प्रस्ताव

रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा प्ले अपने ब्रॉडबैंड कारोबार के लिए करीब 1,500 करोड़ रुपये मांग रही है, जबकि ACT इस कारोबार के लिए लगभग 800 करोड़ रुपये देने को तैयार है। यानी दोनों कंपनियों की कीमत के आकलन में करीब 700 करोड़ रुपये का अंतर है। टाटा प्ले के इस कारोबार से करीब 6.5 लाख ग्राहक जुड़े हुए हैं।

हालांकि, अभी यह बातचीत शुरुआती स्तर पर है और सौदे को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। दोनों कंपनियों ने इस संबंध में भेजे गए सवालों का जवाब भी नहीं दिया था।

घाटा कम हुआ, ब्रॉडबैंड कारोबार की आय बढ़ी

टाटा प्ले ब्रॉडबैंड के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का शुद्ध घाटा घटकर 78 करोड़ रुपये रह गया, जो वित्त वर्ष 2025 में 101 करोड़ रुपये था। वहीं, इस दौरान कारोबार से होने वाली आय 383 करोड़ रुपये से बढ़कर 453 करोड़ रुपये हो गई।

दूसरी ओर, ACT के करीब 25 लाख ग्राहक हैं। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में 2,204 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 257 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, ACT देश की सबसे बड़ी गैर-टेलीकॉम इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनी है।

DTH कारोबार पर दबाव के बीच टाटा प्ले का कदम

टाटा प्ले का यह संभावित सौदा ऐसे समय में सामने आया है, जब देश में पे-डीटीएच कारोबार लगातार दबाव का सामना कर रहा है। ग्राहक फ्री डिश और नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, यूट्यूब व जियोहॉटस्टार जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में पे-डीटीएच ग्राहकों की संख्या अप्रैल-जून 2025 में करीब 5.6 करोड़ थी, जो अप्रैल-जून 2026 में घटकर 4.856 करोड़ रह गई। इसके बावजूद टाटा प्ले 30 फीसदी से अधिक बाजार हिस्सेदारी के साथ इस क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनी बनी हुई है।

वित्त वर्ष 2026 में टाटा प्ले का कुल रेवेन्यू 13.5 फीसदी घटकर 3,530 करोड़ रुपये रह गया, जबकि कंपनी का शुद्ध घाटा 4.2 फीसदी बढ़कर 551 करोड़ रुपये हो गया। इससे पहले कंपनी ने भारती एयरटेल के साथ अपने डीटीएच कारोबार के संभावित विलय को लेकर भी बातचीत की थी, लेकिन यह किसी सौदे में नहीं बदल पाई।

ACT भी ब्रॉडबैंड कारोबार पर बढ़ा रही है फोकस

ACT भी अपने कारोबार को ब्रॉडबैंड सेवाओं पर केंद्रित कर रही है। इसी साल जून में कंपनी ने अपने सात केबल टीवी कारोबार जीटीपीएल हैथवे (GTPL Hathway) को 36 करोड़ रुपये में बेच दिए थे। इन कारोबारों के करीब 6 लाख ग्राहक आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा में थे।

अगर टाटा प्ले और ACT के बीच यह सौदा पूरा होता है, तो ACT को अपने ब्रॉडबैंड कारोबार का विस्तार करने का मौका मिलेगा। वहीं, टाटा प्ले अपने कारोबार के ढांचे में बदलाव कर सकती है। फिलहाल, दोनों कंपनियों के बीच कीमत को लेकर सहमति बनना इस संभावित सौदे का अहम पहलू होगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

TV9 भारतवर्ष के एडिटर पारितोष चतुर्वेदी बसाने जा रहे हैं घर, हेमंत शर्मा ने यूं दी बधाई

हिंदी न्यूज चैनल टीवी9 भारतवर्ष के संपादक पारितोष चतुर्वेदी जल्द ही अपने जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।

Samachar4media Bureau by
Published - Monday, 23 November, 2026
Last Modified:
Monday, 23 November, 2026
Paritosh Chaturvedi

हिंदी न्यूज चैनल टीवी9 भारतवर्ष के संपादक पारितोष चतुर्वेदी जल्द ही अपने जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वह मकर संक्रांति के आसपास दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेंगे। इस बात की जानकारी टीवी9 भारतवर्ष के न्यूज डायरेक्टर और वरिष्ठ पत्रकार हेमंत शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए दी है। उन्होंने पारितोष चतुर्वेदी को बधाई देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की है।

यहां आप हेमंत शर्मा की फेसबुक पोस्ट को हूबहू पढ़ सकते हैं-

मित्रों,

हमारे अनुज, मित्र और संपादक पारितोष चतुर्वेदी ने आखिरकार अपना घर बसाने का फैसला कर लिया. काफ़ी इंतज़ार और जनता की बेहद मॉंग पर….इस सवाल पर उनका कहना है कि लम्बी दूरी तय करने में वक़्त तो लगता है. समाज के कायदे भी यही कहते हैं कि दुर्घटना से देर भली. तो भंतो, इसी माघ महीने में सूर्य जब धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेगा. तभी पारितोष भी दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेगें. यानी सूर्य के उत्तरायण होते ही संपादक जी भी दख्खिन से उत्तर की ओर मुख़ातिब होगें. आप जानते हैं कि महाभारत से लेकर आज तक सारे बड़े फैसले उत्तरायण में ही होते रहे हैं. यह पर्व बदलाव, उत्सव, उल्लास और नई फ़सल का है.

कोई तीन महीने पहले मैंने उनकी सालगिरह पार्टी में कहा था कि इस दावत को आप दावते वलीमा की पूर्व पीठिका भी समझ सकते हैं. हम सब की यही इच्छा और ईश्वर से प्रार्थना भी थी. हमारी दोनों ने सुनी. ईश्वर ने भी और पारितोष ने भी. और अब समय है इस युग्मानुबंधन को अभिनंदित करने का. कहते हैं कि विवाह व्यक्ति को अधिक ज़िम्मेदार और सलीकेदार बनाता है. पारितोष में यह गुण जन्मजात है. लेकिन कितना भी सधा-संवरा और अनुशासित व्यक्ति हो, जीवन में प्रेम का होना, साथी का होना, संग होना व्यक्ति को जीवंत रखता है. पारितोष ने इसे पा लिया है और सार्वजनिक जीवन में इसकी घोषणा भी कर दी है.

प्रेम करना, युगल होना प्रकृति का नियम है. विवाह करना समाज का. सामाजिक रूप से जब हम युगल होते हैं तो उसके साथ सामाजिक दायित्व भी आते हैं और अनुशासन भी. एक व्यवस्थित और टिकाऊ व्यवस्था बनती है. परिवार को अस्तित्व मिलता है. सृजन के लिए अपेक्षित शुद्धता, सहयोग, प्रेम और समर्पण आता है. केवल संतति ही नहीं, परिवार एक चरित्र को, संस्कृति को, स्थिरता और संस्कारों को पोषित करता है. वो हमें नैतिक और आध्यात्मिक बल भी देता है. चीज़ें, जिन्हें रचने बनाने में समय लगता है, इसी परिवार रूपी इकाई में अपने को बनती और बढ़ती हुई पाती हैं.

मैं व्यक्तिगत रूप से पारितोष के लिए इसकी ज़रूरत को समझता भी था और प्रमोद पूर्वक उनसे इस दिशा में बढ़ने के लिए कहता भी रहता था. वो एक दक्ष व्यक्ति हैं. लेकिन इस दक्षता को एक साथ मिलने से वो और चमककर, उज्ज्वल होकर उभरेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है. यह शुरुआत दोनों को जीवन में एक नई ताज़गी, स्पंदन और लक्ष्य देगी. यह संग इन दोनों को और सुंदर, योग्य और श्रेष्ठ बनाएगा, यही बाबा विश्वनाथ से कामना है. आगे के मंगल कार्य अपने तय समय पर होंगे. यथोचित समय और अवसर पर सूचना तो मिलेगी. तब तक, आइए हम उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दें.

जय जय

(वरिष्ठ पत्रकार और टीवी9 के न्यूज डायरेक्टर हेमंत शर्मा की फेसबुक वॉल से साभार)

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

IWPC की वर्षगांठ पर जस्टिस सुधांशु धूलिया बोले- पत्रकारिता में मानवीय संवेदना सबसे जरूरी

इंडियन विमेंस प्रेस कॉर्प्स ने 21 नवंबर को अपनी 32वीं वर्षगांठ मनाई। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधांशु धूलिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

Samachar4media Bureau by
Published - Monday, 23 November, 2026
Last Modified:
Monday, 23 November, 2026
IWPPP

महिला पत्रकारों के प्रमुख संगठन इंडियन विमेंस प्रेस कॉर्प्स (IWPC) ने अपनी 32वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को नई दिल्ली में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। जवाहर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम का नाम ‘रूहानी रिश्ता’ रखा गया था। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुधांशु धूलिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और मुख्य संबोधन दिया।

कार्यक्रम के दौरान जस्टिस धूलिया ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और मौजूदा चुनौतियों पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता ने पहले जिस तरह जनता का भरोसा और सम्मान हासिल किया था, उसमें अब कमी आई है। उन्होंने खोजी पत्रकारिता के कमजोर पड़ने, टेलीविजन समाचारों की प्रस्तुति में बढ़ती असंवेदनशीलता और आम लोगों की गरिमा का ध्यान नहीं रखे जाने पर चिंता जताई।

पत्रकारिता में इंसानियत और संवेदनशीलता जरूरी

जस्टिस धूलिया ने अपने संबोधन में कहा कि एक अच्छे पत्रकार के लिए केवल स्वतंत्रता, साहस और अच्छी लेखन क्षमता ही पर्याप्त नहीं है। पत्रकारिता के केंद्र में इंसान और उसके प्रति संवेदना होनी चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों से युवा पत्रकारों को सही मार्गदर्शन देने और उनमें मानवीय मूल्यों को विकसित करने की अपील भी की।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरें प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों और मुद्दों को भी सामने लाना है, जिन्हें अक्सर मुख्यधारा की मीडिया में पर्याप्त जगह नहीं मिलती। इस संदर्भ में उन्होंने आम लोगों, ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों से जुड़े मुद्दों की कवरेज को अधिक संवेदनशीलता के साथ करने की जरूरत बताई।

निष्पक्षता और स्वतंत्रता के बीच अंतर पर भी रखी बात

जस्टिस धूलिया ने पत्रकारिता में निष्पक्षता (Objectivity) की पारंपरिक अवधारणा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पत्रकार के लिए स्वतंत्र (Independent), खुले विचारों वाला (Open-minded) और अपने पेशे के प्रति ईमानदार होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने रवांडा और गाजा में नरसंहार का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि ऐसी गंभीर मानवीय त्रासदियों की रिपोर्टिंग करते समय पत्रकार पारंपरिक निष्पक्षता की अवधारणा को किस तरह लागू कर सकता है। उनके मुताबिक, पत्रकारिता में स्वतंत्रता, खुले विचारों और पेशे के प्रति ईमानदारी के साथ मानवीय दृष्टिकोण भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने टेलीविजन समाचारों में होने वाली बहसों के तौर-तरीकों पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, मेहमानों के साथ अभद्र व्यवहार करना और उन्हें आपस में भिड़ने के लिए उकसाना पत्रकारिता की गरिमा के अनुरूप नहीं है।

AI और बदलती तकनीक भी पत्रकारिता के सामने चुनौती

अपने संबोधन में जस्टिस धूलिया ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सूचना के साथ छेड़छाड़ और पत्रकारों की नौकरियों से जुड़े सवालों को भी मौजूदा दौर की प्रमुख चुनौतियों में शामिल किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तकनीक के बदलते दौर में पत्रकारिता के मूल्यों और विश्वसनीयता को बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने पत्रकारिता के ऐतिहासिक उदाहरणों का जिक्र करते हुए खोजी पत्रकारिता की अहमियत भी समझाई। उनके अनुसार, पत्रकारिता का मूल काम सत्ता से सवाल करना और सच को सामने लाना है। उन्होंने अपने परिवार की पत्रकारिता से जुड़ी पृष्ठभूमि का भी उल्लेख किया और बताया कि उनके दादा ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अखबार प्रकाशित किया था।

सूफी संगीत के लिए रखा गया था विशेष आयोजन

IWPC की 32वीं वर्षगांठ को ‘रूहानी रिश्ता’ नाम दिया गया था। इस अवसर पर ‘द रूहानी सिस्टर्स’ ने शानदार सूफी संगीत प्रस्तुति दी। इसके साथ ही IWPC की सदस्य और पत्रकार अनुराधा रमन की संगीतमय प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में समां बांध दिया। गौरतलब है कि IWPC की स्थापना वर्ष 1994 में हुई थी। यह संगठन महिला पत्रकारों और मीडिया प्रोफेशनल्स का प्रमुख मंच है। संगठन में 1,200 से अधिक सदस्य हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

रांची के वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा का निधन

झारखंड की राजधानी रांची के वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा अब इस दुनिया में नहीं रहे।

Samachar4media Bureau by
Published - Sunday, 22 November, 2026
Last Modified:
Sunday, 22 November, 2026
RajivKukreja542

झारखंड की राजधानी रांची के वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा अब इस दुनिया में नहीं रहे। 21 नवंबर 2026 को रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से रांची समेत झारखंड के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के मुताबिक, तबीयत खराब होने के बाद राजीव कुकरेजा को पहले रांची के सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स में शिफ्ट किया गया, जहां शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। हालांकि, उनकी बीमारी की वास्तविक वजह या मेडिकल कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

राजीव कुकरेजा के निधन पर पत्रकारों, मीडिया संगठनों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक जताया है। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) की कार्यसमिति के सदस्य रहे कुकरेजा झारखंड में पत्रकारों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय रहते थे।

कई बड़े अखबारों में किया काम

राजीव कुकरेजा ने अपने लंबे पत्रकारिता करियर में झारखंड के कई प्रतिष्ठित अखबारों में काम किया। उन्होंने अपने शुरुआती दौर में रांची एक्सप्रेस से पत्रकारिता की शुरुआत की। इसके बाद वह प्रभात खबर से जुड़े, जहां उन्होंने करीब दो दशक तक अपनी सेवाएं दीं। बाद में वह दैनिक भास्कर से जुड़े और वहां समाचार संपादक के रूप में काम कर रहे थे।

पत्रकारिता के साथ-साथ वह पत्रकार संगठनों में भी सक्रिय रहे। वह नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य थे और झारखंड जर्नलिस्ट यूनियन से भी जुड़े हुए थे। संगठन की बैठकों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी।

रांची के पत्रकारिता जगत में शोक

राजीव कुकरेजा के निधन पर पत्रकार संगठनों और कई सामाजिक संस्थाओं ने भी शोक व्यक्त किया है। उनके सहयोगियों ने उन्हें एक अनुभवी पत्रकार और मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में याद किया है। उनके निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को बूटी मोड़ स्थित आवास ले जाया गया। इसके बाद हरमू मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए