होम / मीडिया फोरम / पाकिस्तान में हिंदू पत्रकार की हत्या, बाल कटवाते समय हुआ हमला
पाकिस्तान में हिंदू पत्रकार की हत्या, बाल कटवाते समय हुआ हमला
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में 31 वर्षीय एक हिंदू पत्रकार की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में 31 वर्षीय एक हिंदू पत्रकार की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पत्रकार का नाम अजय लालवानी है और जिस वक्त उनकी हत्या हुई, वे तब नाई की दुकान पर बाल कटवा रहे थे। दो बाइक और एक कार में सवार होकर आए हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर लालवानी को मौत के घाट उतार दिया।
पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय से ताल्लुक रखने वाले अजय लालवानी लोकल न्यूज चैनल ‘रॉयल न्यूज’ और उर्दू भाषा के अखबार 'डेली पुचानो' में रिपोर्टर थे। वे हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ रिपोर्टिंग भी करते थे। गुरुवार को जब वे सुक्कुर शहर में नाई की दुकान में आए थे, तभी दो मोटरसाइकिल और एक कार में आए हमलावरों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। घायल हालत में लालवानी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन पेट, बांह और घुटने में गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय लालवानी के पिता दिलीप कुमार ने कहा कि उनके परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने पुलिस के उस दावे को खारिज भी कर दिया कि निजी दुश्मनी के चलते उनके बेटे की हत्या हुई। इस वारदात की जांच करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इस वारदात के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
वहीं, हिंदू पत्रकार अजय लालवानी की हत्या की निंदा करते हुए पाकिस्तान की नेशनल असेंबली (MNA) में हिंदू मेंबर लालचंद मल्ही ने कहा कि यह बेहद चिंता का विषय है। पत्रकारों के एक समूह ने भी लालवानी की हत्या के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। लालवानी के अंतिम संस्कार के बाद एक मार्च भी निकाला गया।
अंतिम संस्कार में लालवानी के रिश्तेदारों, दोस्तों और अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के सदस्यों के साथ-साथ कराची, खैरपुर, शिकारपुर, लरकाना, सुक्कुर और अन्य शहरों के पत्रकार भी शामिल हुए।
टैग्स निधन हमला हिंदू पत्रकार अजय लालवानी