होम / मीडिया फोरम / इस साल इनके सिर सजा मिस पीटीसी पंजाबी का खिताब
इस साल इनके सिर सजा मिस पीटीसी पंजाबी का खिताब
पीटीसी नेटवर्क की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न शहरों से मिली थीं हजारों एंट्रीज
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
‘पीटीसी नेटवर्क’ (PTC Network) की ओर से जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कैंपस में 20 अक्टूबर को मिस पीटीसी पंजाबी 2019 के ग्रैंड फिनाले का आयोजन हुआ। इस मौके पर बॉलिवुड समेत पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के कई नामी-गिरामी चेहरे मौजूद थे। कार्यक्रम में गिप्पी ग्रेवाल, जैजी बी, नेहा बसीन, जोरा रंधावा, गुरनाम भुल्लर और निंजा ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस मौके पर जरीन खान ने अपनी मौजूदगी से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
करीब दस साल पहले शुरू हुआ यह आयोजन लगातार और विशाल होता जा रहा है। इस साल मिस पीटीसी पंजाबी के लिए पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली आदि शहरों से एंट्रीज मांगी गई थीं। शॉर्टलिस्ट किए गए प्रतिभागियों ने विभिन्न कसौटियों जैसे-सोलो एक्टिंग, कुकिंग, डांसिंग, थीम एक्टिंग आदि में भाग लिया।
इस प्रतियोगिता के लिए विभिन्न शहरों में ऑडिशन भी हुए थे। इन ऑडिशंस में जजों की भूमिका में नेहा भसीन, सतिंद्र सत्ती, गुरप्रीत चड्ढा और बॉबी लायल ने प्रतिभागियों का चुनाव किया। टीम को हजारों एंट्रीज मिलीं और यह प्रक्रिया 50 दिनों से भी ज्यादा चली। ऑडिशन के बाद जजों के पैनल ने आखिरी 10 प्रतिभागियों का चुनाव किया।
हालांकि, इन दस प्रतिभागियों में से जजों के लिए विजेता का चयन करना काफी मुश्किल था, लेकिन कई राउंड्स के बाद इनमें से नौ प्रतिभागियों को इस लिस्ट से निकालकर विजेता का चुनाव किया गया।
रहमत रतन के सिर पर मिस पीटीसी का खिताब सजा। इसके अलावा उन्हें डेढ़ लाख रुपए का पुरस्कार भी दिया गया। लुधियाना की सुखरूप कौर फर्स्ट रनर अप रहीं। उन्हें जजों की ओर से 50 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया। इनके अलावा सुप्रीत कौर दूसरी रनर अप रहीं और उन्हें 35 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया।
पीटीसी नेटवर्क के एमडी और प्रेजिडेंट रबिंद्र नारायण ने इस तरह के आयोजनों की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि इससे युवाओं को अपना हुनर दिखाने और अपने सपने सच करने का प्लेटफॉर्म मिलता है। नेटवर्क ने इस मौके पर अपने ब्रैंड कैंपने ‘ये दिवाली दिलवाली’ को भी लॉन्च किया।
टैग्स मिस पीटीसी पंजाबी 2019 पीटीसी नेटवर्क रहमत रतन