होम / मीडिया फोरम / राष्ट्रपति ने मीडिया संस्थानों पर लगाया ये आरोप, कहा- खबरों का बताएं स्रोत
राष्ट्रपति ने मीडिया संस्थानों पर लगाया ये आरोप, कहा- खबरों का बताएं स्रोत
राष्ट्रपति ने मीडिया संस्थानों को अपनी खबर का स्रोत बताने को भी कहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
अपने मीडिया विरोधी रवैये को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आए दिन चर्चा में रहते हैं। वे कई बार मीडिया को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं। एक बार फिर उन्होंने मीडिया को आड़े हाथों लिया है। इस बार ट्रंप ने प्रमुख मीडिया संस्थानों पर ईमानदारी से काम नहीं करने का भी आरोप लगाया है। यही नहीं उन्होंने मीडिया संस्थानों को अपनी खबर का स्रोत बताने को भी कहा है।
ट्रंप की मीडिया से नाराजगी जगजाहिर है और उनकी नजरों में ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ (NYT) और ‘सीएनएन’ (CNN) हमेशा से सबसे ज्यादा अखरता रहा है। इस बार फिर उन्होंने इन्हीं दोनों मीडिया के हाउस के पत्रकारों पर निशाना साधा है। व्हाइट हाउस में मीडिया ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने अप्रत्याशित रूप से ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ के व्हाइट हाउस संवाददाता मैगी हैबरमैन और ‘सीएनएन’ के राजनीतिक विश्लेषक पर हमला बोला। उन्होंने दोनों पर बिना स्रोतों का हवाला दिए खबर लिखने और दिखाने का आरोप लगाया।
ट्रंप ने कहा, ‘आप जानते हैं कि सूत्र का क्या मतलब होता है। सूत्रों का कहना है कि उनके पास कोई स्रोत नहीं है और वह इसे बनाते हैं।’ ट्रंप के अनुसार, सूत्रों का सबसे ज्यादा इस्तेमाल वॉशिंगटन पोस्ट, ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ और विशेष रूप से ‘सीएनएन’ की खबरों में किया जाता है। ट्रंप ने मांग की कि वास्तव में अगर कोई स्रोत है तो उसका नाम दिया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई मौकों पर इन मीडिया हाउसेज को नीचा दिखाने की कोशिश की है। राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद से ही वे ‘सीएनएन’ पर फर्जी खबरें चलाने का आरोप लगाते रहें हैं। हाल ही में ‘सीएनएन’ के रिपोर्टर से उनकी बहसबाजी हो गई थी, जिसके बाद व्हाइट हाउस के मैनेजमेंट ने उनका प्रेस पास रद्द कर दिया था, लेकिन बाद में कोर्ट ने व्हाइट हाउस के इस फैसले को गलत ठहराते प्रेस पास लौटाने को कहा था।
टैग्स डोनाल्ड ट्रंप सीएनएन प्रेस कॉन्फ्रेंस फर्जी रिपोर्टिंग