होम / मीडिया फोरम / बेखौफ बदमाशों ने की पत्रकार की दिनदहाड़े हत्या
बेखौफ बदमाशों ने की पत्रकार की दिनदहाड़े हत्या
उत्तर प्रदेश में बेखौफ बदमाशों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्नाव जिले में एक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
उत्तर प्रदेश में बेखौफ बदमाशों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्नाव जिले में एक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी है और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामला उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र राजधानी मार्ग के पास सहजनी चौराहे का है, जहां बदमाशों ने दिनदहाड़े पत्रकार पर ताबड़तोड़ 3 गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। जैसे ही वारदात की जानकारी पुलिस को हुई, गंगाघाट कोतवाली दारोगा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंच गए और पत्रकार शुभममणि त्रिपाठी की हालत को देखते हुए तुरंत ही उसे कानपुर हैलट अस्पताल भेजा, लेकिन गंभीर रूप से घायल पत्रकार शुभम मणि त्रिपाठी की रास्ते मे ही मौत हो गई।
गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पोनी रोड झंडा चौराहा निवासी 28 वर्षीय शुभममणि त्रिपाठी की घर के नीचे मोबाइल शॉप है। वह कानपुर से प्रकाशित एक हिंदी दैनिक के प्रतिनिधि भी थे। पिछले दो महीने से वह कटरी पीपरखेड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर हो रहे कब्जों व अवैध निर्माणों की शिकायत अधिकारियों से कर रहे थे। बताते हैं कि इसे लेकर उनकी जिले की सूचीबद्ध भू-माफिया और विश्व हिंदू परिषद नेता से रंजिश बढ़ गई थी। शुक्रवार दोपहर बाद वह अपने साथी मुख्तार अहमद के साथ बाइक से उन्नाव से शुक्लागंज लौट रहे थे। उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग स्थित सहजनी के पास उन्हें ताबड़तोड़ कई गोलियां मारी गईं, जिससे उनकी मौत हो गई।
साथी मुख्तार ने एएसपी व सीओ सिटी को बताया कि विहिप नेता की गाड़ी पहले बगल से गुजरी। उसके बाद पीछे बाइक से आए दो युवकों ने शुभम पर गोलियां चलाईं, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य वहीं मौजूद रहे। उसने भागकर जान बचाई।
जानकारी पर एसपी रोहन पी कनय, एएसपी उत्तरी विनोद पांडेय और सीओ सिटी यादवेंद्र यादव ने मौका मुआयना किया। एसपी ने फिहलाल जांच करने के निर्देश दिए हैं।
टैग्स पत्रकार मीडिया हत्या उन्नाव