होम / मीडिया फोरम / इस बीमारी ने निगल ली पत्रकार अविनाश श्रीवास्तव की जिंदगी
इस बीमारी ने निगल ली पत्रकार अविनाश श्रीवास्तव की जिंदगी
‘दैनिक भास्कर’, भोपाल में लंबे समय तक कार्यरत रहे पत्रकार अविनाश श्रीवास्तव का रविवार की सुबह निधन हो गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘दैनिक भास्कर’, भोपाल में लंबे समय तक कार्यरत रहे पत्रकार अविनाश श्रीवास्तव का रविवार की सुबह निधन हो गया है। बताया जाता है कि अविनाश श्रीवास्तव को पिछले साल अगस्त में गले के कैंसर का पता चला था। हालांकि, जब तक इस बीमारी का पता चला, काफी देर हो चुकी थी और कैंसर चौथे स्टेज में पहुंच चुका था। फिलहाल उनका इलाज भोपाल के जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र में चल रहा था। करीब 42 वर्षीय अविनाश अविवाहित थे। उनके परिवार में माता-पिता, बहन और एक छोटा भाई है। वह अपने माता-पिता के साथ ही रहते थे।
अविनाश श्रीवास्तव लंबे समय तक ‘दैनिक भास्कर‘, भोपाल में कार्यरत रहे थे। डिजिटल विंग के साथ वह नेशनल न्यूज रूम (NNR) में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके थे। करीब एक साल तक वह ‘पीपुल्स समाचार‘ (Peoples Samachar) में न्यूज एडिटर के तौर पर भी अपनी भूमिका निभा चुके थे। इसके अलावा उन्होंने ‘प्रदेश टुडे’ (Pradesh Today) मीडिया ग्रुप में भी डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर काम किया था।
अविनाश श्रीवास्तव पढ़ने-लिखने के काफी शौकीन थे। वह दूसरे लोगों को भी पढ़ने के लिए प्रेरित करते थे। काफी सौम्य व सरल व्यवहार वाले अविनाश तमाम किताबें खरीदते और उन्हें पढ़ते रहते थे। अविनाश कई सालों से झुग्गी बस्ती के बच्चों को बस्ते, कॉपी, किताबें आदि निशुल्क दिया करते थे।
बता दें कि करीब डेढ़ साल पहले अविनाश श्रीवास्तव कोरोना की चपेट में भी आ गए थे। हालांकि, बाद में उन्होंने इस महामारी को मात दे दी थी, लेकिन वह कैंसर से नहीं बच पाए और इस बीमारी ने उनकी जिंदगी निगल ली।
अविनाश श्रीवास्तव के निधन पर तमाम पत्रकारों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
टैग्स निधन श्रद्धांजलि कैंसर पत्रकार की मौत अविनाश श्रीवास्तव