होम / मीडिया फोरम / पत्रकार और उसकी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, सामने आ रही ये वजह
पत्रकार और उसकी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, सामने आ रही ये वजह
पुलिस ने पांच आरोपितों को किया गिरफ्तार, मुख्यमंत्री के जनता दरबार में भी पहुंचा था यह मामला
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक बड़ा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल, जिले के बरवाडीह गांव में 16 नवंबर को कुछ लोगों ने लखनऊ से प्रकाशित एक हिंदी दैनिक के संवाददाता उदय पासवान और उनकी पत्नी शीतला की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले में उदय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रूप से घायल शीतला की मौत वाराणसी के एक अस्पताल में हुई। बताया जाता है कि पूर्व ग्राम प्रधान केवल पासवान के साथ दुश्मनी के चलते हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। जमीन के विवाद को लेकर केवल और उसके परिवार के साथ उदय के परिवार के बीच दुश्मनी चली आ रही थी। वर्ष 2016 और 2018 में भी दोनों के खिलाफ मामले दर्ज हुए थे। यह मामला मुख्यमंत्री के जनता दरबार में भी पहुंचा था। मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश जारी होने के बावजूद सोनभद्र पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स का यह भी कहना है कि आरोपितों की ओर से धमकी मिलने के बाद उदय ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को खतरे में देखते हुए पुलिस से संपर्क भी किया था, लेकिन पुलिस ने उनकी नहीं सुनी। घटना वाले दिन दोनों पुलिस से शिकायत कर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे, तभी आरोपितों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। उदय की मौत मौके पर ही हो गई। गंभीर हालत में शीतला को वाराणसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
इस वारदात के बाद तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, वहीं छह आरोपितों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपित केवल पासवान अभी फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
टैग्स हत्या पत्रकार हत्या सोनभद्र उदय पासवान