होम / मीडिया फोरम / जानलेवा हमले में घायल वीडियो जर्नलिस्ट ने तोड़ा दम, CM समेत तमाम नेताओं ने जताया शोक
जानलेवा हमले में घायल वीडियो जर्नलिस्ट ने तोड़ा दम, CM समेत तमाम नेताओं ने जताया शोक
झारखंड में बदमाश के हमले में गंभीर रूप से घायल वीडियो पत्रकार बैजनाथ महतो ने सोमवार की सुबह दम तोड़ दिया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
झारखंड में बदमाश के हमले में गंभीर रूप से घायल वीडियो पत्रकार बैजनाथ महतो ने सोमवार की सुबह दम तोड़ दिया। रांची के रिम्स में उनका इलाज चल रहा था। वह रिम्स के न्यूरो सर्जरी विभाग में भर्ती थे। बीच में उनकी तबीयत में सुधार हो रहा था। चिकित्सकों ने भी उन्हें खतरे से बाहर बताया था। हालांकि तीन दिन पहले उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी थी। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद बैजनाथ महतो को नहीं बचाया जा सका और सोमवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
बैजनाथ महतो के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव, कृषि मंत्री बादल, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दीपक प्रकाश और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत तमाम नेताओं ने शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
रिम्स में इलाजरत पत्रकार बैजनाथ महतो जी के निधन की दुःखद खबर मिली।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) October 4, 2021
परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवार को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।
बता दें कि 11 सितंबर की रात सदर थाना क्षेत्र की तिरिल बस्ती में बैजनाथ महतो पर जानलेवा हमला किया गया था। आपसी विवाद में कोकर निवासी आकाश उर्फ बेंगा ने रॉड से बैजनाथ के सिर पर प्रहार कर दिया था। इससे बैजनाथ वहीं गिर गए थे। पत्रकार को मृत समझकर आकाश वहां से फरार हो गया था।
गश्त लगा रही पुलिस की पीसीआर गाड़ी ने गंभीर हालत में बैजनाथ को 12 सितंबर की सुबह करीब तीन बजे रिम्स में भर्ती करवाया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। रांची पुलिस ने बैजनाथ महतो पर जानलेवा हमले के मामले में आरोपी आकाश को 19 सितंबर को गया के टिकारी से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
टैग्स पत्रकार की मौत बैजनाथ महतो जानलेवा हमला