होम / मीडिया फोरम / इंडिया न्यूज ने सजाया ‘सियासत का मंच', जुटे राजनीति के दिग्गज

इंडिया न्यूज ने सजाया ‘सियासत का मंच', जुटे राजनीति के दिग्गज

दिल्ली में 29 जुलाई को आयोजित इस कार्यक्रम में जहां सत्ता पक्ष के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का बखान किया तो वहीं कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं ने खिंचाई में कोई कसर नहीं छोड़ी।

समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago

दिल्ली में 29 जुलाई को ‘इंडिया न्यूज’ (India News) के मंच पर कई केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद और विपक्ष के नेताओं का जमावड़ा रहा। जहां एक तरफ़ सत्ता पक्ष के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का बखान किया तो वहीं कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं ने खिंचाई में कोई कसर नहीं छोड़ी।

संसद के बजट कालीन सत्र की तरह ही दिल्ली के होटल ली मैरिडियन में भी 29 जुलाई, सोमवार को राजनीतिक बहस से माहौल गरम रहा।  25 सत्रों में क़रीब 12 घंटे तक नॉनस्टॉप चर्चाओं का दौर चला। राजनीतिक विमर्श के लिए इंडिया न्यूज़ का ये आयोजन काफी शानदार रहा।

इंडिया न्यूज के मंच पर केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के साथ ही खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री की ज़िम्मेदारी संभाल रहे प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक तरफ़ मोदी के मिशन 2047 को लेकर अपनी राय रखी तो वहीं राहुल गांधी और विपक्ष के तेवरों पर तंज कसा। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने मंच पर बेबाक़ी से अपनी बात रखी. इस पूरे कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद कार्तिक शर्मा भी मौजूद रहे।

कश्मीर जिगर का टुकड़ा है: गजेंद्र सिंह शेखावत

इंडिया न्यूज के मंच से केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कश्मीर पर बात की। उन्होंने कहा कि कश्मीर कोई मुद्दा नहीं है बल्कि कश्मीर जिगर का टुकड़ा है। कश्मीर भारत का ग्रोथ इंजन है और अब कश्मीर का माहौल बदल चुका है। संस्कृति मंत्री ने पेपर लीक पर भी बात की और कहा कि पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून बनाया जा चुका है और जल्द ही इस कानून के परिणाम भी दिखाई देने लगेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी गलतियों का दोषारोपण दूसरों पर करती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश को पहले भी कई बार बांटा है और अब जाति के नाम पर बांटने की कोशिश कर रही है।

विपक्ष की ‘बालकबुद्धि’ को समझना मुश्किल: पीयूष गोयल

इंडिया न्यूज के मंच पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ज़ोर देकर कहा कि बीजेपी सरकार में कभी किसी राज्य से भेदभाव नहीं किया जाता और बजट में भी गैर बीजेपी शासित राज्यों को ही प्राथमिकता दी गई है। पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष की ‘बालकबुद्धि’ को समझना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि पीएम का प्रयास युवा और महिलाओं को सशक्त करना है और पीएम मोदी ने चुनाव खत्म होते ही पूरी तन्मयता से 140 करोड़ लोगों की सेवा फिर शुरु कर दी है।

तर्कहीन बातें करते हैं राहुल गांधी: प्रह्लाद जोशी

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि एनर्जी सेक्टर में भारत दुनिया का लीडर बन रहा है. उन्होंने कहा कि विपक्ष प्रधानमंत्री को संसद में बोलने नहीं देता और राहुल गांधी संसद में खड़े होकर तर्कहीन बातें करते हैं. विपक्ष के सांसद बढ़े हैं लेकिन इसका मतलब संसद में हंगामा और शोर-शराबा करना नहीं हो सकता.  प्रलहाद जोशी ने नींद का नाटक करने वालों को जगाना मुश्किल है। खाद्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार मिलावट के खिलाफ सख्त है और मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

दुनिया की ऊर्जा जरूरतें पूरी करेगा भारत: हरदीप पुरी

इंडिया न्यूज के मंच से केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि ऊर्जा ही विकास की लाइफलाइन है और केंद्र सरकार का फोकस ईंधन की जरूरतों को पूरा करने पर है। ऊर्जा सेक्टर में बड़ा बदलाव हो रहा है और ग्रीन एनर्जी में असीम संभावनाएं हैं। वो दिन दूर नहीं जब दुनिया की ऊर्जा की 25 फीसदी जरूरतें भारत पूरी करेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दशकों तक भारत की सरकारों ने जो ऑयल बॉन्ड्स तेल कम्पनियों को जारी किए उसका खमियाजा देश अब भी भुगत रहा है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारत के भविष्य की तस्वीर दिखाई

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि 4G में हम फॉलोअर्स थे, अब हम नेतृत्व करेंगे.  उन्होंने कहा कि भारत 5जी में बड़ी ताकत बन चुका है और 6G तकनीक में लीडर बन कर उभरेगा। हमने सबसे तीव्र गति से 5G तकनीक से देश को जोड़ा है, BSNL ने आत्मनिर्भर भारत का मिशन कारगर किया है। नेटवर्क क्वालिटी के मामले में भारत टॉप क्लास है। सिंधिया ने दूरसंचार तकनीक के मामले में भारत को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया. बीएसएनएल ने अब आत्मनिर्भर भारत को अपना मिशन बना लिया है। सिंधिया ने कहा कि दुनिया के मुकाबले भारत में कॉल और डेटा सबसे सस्ता है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि काम के आधार पर जनता ने तीसरी पर बीजेपी और एनडीए पर भरोसा जताया है।

बीजेपी को हराना ही मेरा शौक है: अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने शुरुआत में ही बड़ी बात कह दी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अच्छे तालमेल से 24 का चुनाव लड़ा जिसके नतीजे यूपी में काफ़ी बेहतर मिले हैं। यही सिलसिला उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भी जारी रहेगा। समाजवादी पार्टी चीफ ने कहा कि वो बीजेपी को हराना सीख गए हैं।अब उनका एक ही शौक बचा है और वो है बीजेपी को विधानसभा चुनाव में हराना।

तीसरी बार हरियाणा में बीजेपी सरकार बनेगी: बिप्लब देब

त्रिपुरा के पूर्व सीएम और हरियाणा की राजनीति में अच्छी दखल रहने वाले बिप्लब देब ने प्रतीक्षा में ‘पानीपत’ सत्र में कई बड़े मुद्दों पर चर्चा की.  उन्होंने कहा कि  हरियाणा में बीजेपी ने पूरे सूबे का विकास किया और कांग्रेस के साथ ही राहुल गांधी लोगों को भ्रमित करने का काम रहे हैं। बिप्लब देब ने कहा कि हरियाणा में बीजेपी तीसरी बार भी सरकार बनाएगी।

विपक्ष को भी मिला बराबर का मौक़ा

इंडिया न्यूज़ के मंच पर विपक्ष को भी बराबर का मौक़ा मिला। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं ने मंच पर अपनी बात रखी। लोकतंत्र और विपक्ष नामक सत्र में कांग्रेस मीडिया सेल के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी देश के दिलों पर राज करने वाले नेता हैं।  उन्होंने ये बात भी कही कि कांग्रेस ने  पीएम मोदी और उनकी पार्टी की अकड़ निकाल दी है। उन्होंने अग्निवीर योजना को देश की सुरक्षा से खिलवाड़ बताया। कांग्रेस प्रवक्ता और आलोक शर्मा और वरिष्ठ पत्रकार-लेखक रशीद किदवई के बीच की चर्चा भी दिलचस्प रही। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि सरकार क़र्ज़ा लेकर अपना खर्चा चला रही है. कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने तंज कसा कि बीजेपी के अंदर मौसम ठीक नहीं है, लेकिन बीजेपी का मौसम ख़राब करने में कांग्रेस का हाथ नहीं है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि 2024 चुनावों में लोकतंत्र जीत गया और बीजेपी का अहंकार टूट गया. इंडियन ओवरसीज़ कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने भी मंच से सफ़ाई दी।

आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि नई राजनीति की वजह से आम आदमी पार्टी को चक्रव्यूह में फंसाया गया। सरकार का मक़सद ट्रायल नहीं, बल्कि नेताओं को जेल में डाल कर रखना है। शराब घोटाले का आरोप महज़ राजनीतिक साज़िश है और गवाहों को लॉलीपॉप देकर अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ साज़िश रची जा रही है। महाराष्ट्र की महाभारत सत्र में शिवसेना उद्धव गुट के सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि महाराष्ट्र में पीठ में छुरा भोंकने की नीति दुखद है। आज बीजेपी अटल वाली नीतियों से हट गई है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने मेरी दिल्ली को किसकी नज़र लग गई का गीत गुनगुनाया और कई सवाल उठाए। उन्होंने दिल्ली में लाइब्रेरी में छात्रों की डूबने से मौत को आम आदमी पार्टी की लापरवाही बताया।

हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि विपरीत हवाओं से घबराना उन्होंने नहीं सीखा. हरियाणा में किसानों और जवानों के मुद्दे उठाए। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि PDA को लेकर कई पार्टियां चिंतित हैं। बीजेपी की ग़लत नीतियों की वजह से PDA बना। जाति जनगणना से PDA को ही सम्मान मिलेगा.चौबीस का चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़े, तालमेल अच्छा रहा और इसके अच्छे नतीजे आए।

मंच पर पैनल डिस्कशन का भी दौर चला। एग्जिक्यूटिव एडिटर मनोज मनु के साथ सत्र में कांग्रेस नेता उदित राज, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक की तीखी नोक-झोंक ने मंच की बहस में छौंक लगाने का काम किया। उदित राज ने इलेक्ट्रॉरल बॉन्ड के नाम पर बड़ा भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया तो अनुराग भदौरिया ने तंज कसा- बीजेपी की चला-चलाई की बेला है। अजय आलोक ने पूछा- चुनाव में जीत के बावजूद बीजेपी की हार का नैरेटिव क्यों गढ़ता है विपक्ष।

‘सियासी अखाड़े में हम महिलाएं’ के पैनल डिस्कशन में महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष नेटा डिसूज़ा, बीजेपी सांसद कमलजीत सहरावत और AAP की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने शिरकत की। बेटियां, विरासत और सियासत सत्र में समाजवादी पार्टी की सांसद रूचि वीरा ने कहा कि अखिलेश यादव ने महिलाओं को अवसर मुहैया कराए हैं और पीडीए फ़ॉर्मूले के ज़रिए यूपी की राजनीति को बदला है।

‘दलित राजनीति का नया चेहरा’ सत्र में आज़ाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि मायावती कभी डरने वाली नेता नहीं हैं. उन्होंने कहा कि मेरी जान को ख़तरा है और मेरी सुरक्षा के नाम पर खिलवाड़ हो रहा है। झारखंड की राजनीति पर आधारित सत्र ‘खान’दान का खेल में झारखंड मुक्ति मोर्चा की राज्यसभा सांसद महुआ माजी और बीजेपी सांसद मनीष जायसवाल ने शिरकत की. महुआ माज़ी ने हेमंत सोरेन की गिरफ़्तारी को ईडी की साज़िश बताया तो वहीं मनीष जायसवाल ने कहा कि मोदी ने साफ़ कहा है- न खाएंगे, ना खाने देंगे.

 'धर्म युद्ध' सत्र में कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि राजीव गांधी से किया हुआ वचन मैंने नहीं तोड़ा बल्कि पार्टी ने ही मुझे निकालने का काम किया। मेरा क़सूर है कि मैंने कांग्रेस में सच बोलने का साहस दिखाया। अभी बीजेपी तो ज्वाइन नहीं किया लेकिन पीएम मोदी को ज्वाइन कर लिया है। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने आम जनता से जुड़े सरोकार उठाए। चुनावों में लालू यादव से मिले धोखे की टीस यहां भी नजर आई। बिहार के कई जमीनी मुद्दे उन्होंने उठाए।

इंडिया न्यूज के आयोजन मंच के स्टेट पार्टनर के तौर पर उत्तराखंड शासन का सहयोग मिला। पॉलिसी बाज़ार ने भी इस आयोजन को अपना समर्थन दिया। फ़ूड पार्टनर के तौर पर गोल्डी मसाले और डिजिटल मीडिया पार्टनर के तौर पर डेलीहंट भी आयोजन के साझीदार रहे। प्रतापगढ़ फ़ार्म्स की भी इसमें सहभागिता रही। 29 जुलाई, सोमवार को दिनभर चले इस कार्यक्रम में 'धर्म युद्ध', 'चक्रव्यूह' में AAP, विकास का 5G प्लान, कितने ‘कुरुक्षेत्र’?, राजनीति का धरम-करम, मोदी का मिशन 2047, जैसे क़रीब 30 सेशंस हैं, जिनमें नेता जी को आपके सवालों का सामना करना पड़ा।

इस कार्यक्रम से जुड़ा वीडियो आप यहां देख सकते हैं।


टैग्स आईटीवी नेटवर्क इंडिया न्यूज मंच
सम्बंधित खबरें

ZEEL को SEBI का कारण बताओ नोटिस : कंपनी ने आरोपों को फिर किया खारिज

ज़ी एंटरटेनमेंट को SEBI से कारण बताओ नोटिस मिला है, जो 2019 के आरोपों से जुड़ा है। कंपनी ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए जवाब देने की बात कही और निष्पक्ष जांच पर भरोसा जताया है।

1 day ago

Decode ने पूरे किए 200 एपिसोड: यूट्यूब व्यूज़ और सब्सक्राइबर में बना नंबर 1

डीडी न्यूज के प्राइम टाइम शो डिकोड विद सुधीर चौधरी ने 200 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। यूट्यूब पर मिले कुल व्यूज़ में इसका योगदान 74 प्रतिशत और नए सब्सक्राइबर में 75 प्रतिशत रहा।

1 day ago

पत्रकार पर हमला, कार पर फायरिंग के बाद बेरहमी से पीटा

मणिपुर की राजधानी इंफाल में बुधवार रात एक स्थानीय अखबार के पत्रकार पर जानलेवा हमला किया गया।

1 day ago

ABP Network का दो दिवसीय ‘Ideas of India Summit’ 27 फरवरी से मुंबई में

यह इस कार्यक्रम का पांचवा एडिशन है। इस वर्ष समिट की थीम ‘The New World Order’ रखी गई है।

1 day ago

सुनंदन भंजा चौधरी: कॉर्पोरेट भारत में नेतृत्व निर्माण के शिल्पकार हैं आप

सुनंदन ने अपनी शिक्षा फिजिक्स ऑनर्स के साथ सेंट स्टीफेंस कॉलेज, दिल्ली से शुरू की और फिर फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, दिल्ली विश्वविद्यालय से एमबीए की डिग्री ली।

2 days ago


बड़ी खबरें

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र की फैक्ट-चेकिंग यूनिट मामले में याचिका फिर से की बहाल

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने उस याचिका को फिर से बहाल कर दिया है, जिसमें केंद्र ने बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी।

7 hours ago

वरिष्ठ पत्रकार आलोक मेहता की किताब ‘Revolutionary Raj’ का लोकार्पण आज

वरिष्ठ पत्रकार और पद्मश्री सम्मानित आलोक मेहता अपनी नई कॉफी-टेबल बुक “Revolutionary Raj – Narendra Modi’s 25 Years” का लोकार्पण 21 फरवरी 2026 को करने जा रहे हैं।

6 hours ago

प्रसार भारती ने WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाई

प्रसार भारती ने अपने OTT प्लेटफॉर्म WAVES पर सैटेलाइट टीवी चैनलों को जोड़ने के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है।

6 hours ago

WBD डील पर Paramount को शुरुआती राहत, अमेरिका में एंटीट्रस्ट अवधि पूरी

Warner Bros. Discovery को खरीदनें को लेकर बड़ी कंपनियों के बीच जोरदार मुकाबला चल रहा है। अब देखना होगा कि आखिर यह डील किसके हाथ लगती है

6 hours ago

OpenAI के CEO ने पीएम मोदी से की मुलाकात, भारत को बताया AI का बड़ा केंद्र

पीएम मोदी ने दुनिया भर के निवेशकों और टेक कंपनियों को भारत आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि भारत के पास प्रतिभाशाली युवा हैं, जिनमें AI के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की ताकत है।

7 hours ago