होम / मीडिया फोरम / अफगानिस्तान में भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दिकी की हत्या, युद्ध को कर रहे थे कवर
अफगानिस्तान में भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दिकी की हत्या, युद्ध को कर रहे थे कवर
अफगानिस्तान में भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी की हत्या कर दी गई है। वह अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के लिए काम करते थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
अफगानिस्तान में भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी की हत्या कर दी गई है। वह अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के लिए काम करते थे। दानिश सिद्दीकी अफगानिस्तान में मौजूदा हालात को कवर करने के लिए पिछले कुछ दिनों से वहां डटे हुए थे।
अफगानिस्तान के न्यूज चैनल टोलो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से इस बात की जानकारी दी है कि सिद्दीकी की मौत कांधार प्रांत के स्पिन बोल्डक इलाके में हुई है, जहां इस समय अमेरिकी सैनिकों की वापसी के बाद से ही भीषण हिंसा हो रही है। सिद्दिकी बीते कुछ दिनों से कंधार में जारी हालात की कवरेज कर रहे थे। सिद्दीकी ने अपने करियर की शुरुआत एक टेलीविजन न्यूज संवाददाता के रूप में की थी और बाद में वह फोटो जर्नलिस्ट बन गए।
साल 2018 में सिद्दीकी अपने सहयोगी अदनान आबिदी के साथ पुलित्जर पुरस्कार जीतने वाले पहले भारतीय बने थे। इन्होंने रोहिंग्या शरणार्थी संकट को कवर किया था। वहीं कंधार में जारी हिंसा की कवरेज के जुड़ी जानकारी वह अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लगातार शेयर कर रहे थे। 13 जून को उन्होंने जानकारी दी थी कि वह जिस वाहन में सवार थे, उस पर कई हथियारों से हमला किया गया था। अपने ट्वीट में सिद्दिकी ने लिखा था, ‘मेरी किस्मत अच्छी रही कि मैं सुरक्षित रहा और एक रॉकेट को आर्मर प्लेट के ऊपर से टकराते हुए देखा।’
टैग्स दानिश सिद्दीकी भारतीय पत्रकार अफगानिस्तान कंधार