होम / मीडिया फोरम / टकराव के बढ़ते मामले रोकने के लिए सफदरजंग अस्पताल ने अपनाया ये तरीका
टकराव के बढ़ते मामले रोकने के लिए सफदरजंग अस्पताल ने अपनाया ये तरीका
अस्पताल में आए दिन मरीजों, तीमारदारों व डॉक्टरों के बीच टकराव व तनाव के मामलों को देखते हुए लिया निर्णय
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
अस्पतालों में आए दिन मरीजों-उनके तीमारदारों व डॉक्टरों के बीच टकराव व तनाव के मामले सामने आते रहते हैं। इन घटनाओं को देखते हुए सफदरजंग अस्पताल में नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत अस्पताल में बुधवार को अस्पताल प्रशासन और स्वयंसेवी संस्था ‘आओ साथ चलें’ ने मिलकर काउंसलिंग सेवा शुरू की है।
इसके तहत अस्पताल में कई जगहों पर हेल्प कियोस्क लगाए गए हैं, जिनमें काउंसलर मौजूद रहेंगे और अस्पताल में आने वाले मरीजों और परिजनों की काउंसलिंग करेंगे, ताकि डॉक्टरों और मरीजों के बीच आपसी समझ को बढ़ाया जा सके।
अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुनील गुप्ता का कहना है कि अस्पताल में रोजाना लगभग 50 हजार मरीज आते हैं। उपलब्ध संसाधनों में अस्पताल द्वारा मरीजों का बेहतर उपचार करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कई बार गलतफहमी व आपसी संवाद में कमी की वजह से डॉक्टर और मरीजों के बीच तनाव हो जाता है। अस्पताल में इस तरह की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए ही काउंसलिंग सेवा शुरू की गई है। सफदरजंग अस्पताल में इस कार्यक्रम के संचालक डॉ. अनिल गोयल ने बताया कि काउंसलर को अस्पताल प्रशासन के साथ ही डॉक्टरों की टीम अपना सहयोग देगी। अस्पताल के डॉक्टर्स द्वारा काउंसलर्स को प्रशिक्षित भी किया जाएगा।
वहीं, ‘आओ साथ चलें’ संस्था के राष्ट्रीय संयोजक विष्णु मित्तल का कहना है कि अभी दस काउंसलर नियुक्त किए गए हैं और धीरे-धीरे यह संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मरीजों की मदद के लिए अस्पताल प्रशासन के साथ मिलकर पहले से ही काम किया जा रहा है। वहां ओपीडी और इमरजेंसी के अलावा कैंसर वार्ड में मरीजों की सहायता के लिए वॉलिंटियर्स की तैनाती की गई है।
इस सेवा के उद्घाटन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यवाह भारत भूषण ने इस पहल से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। वहीं, आरएसएस के दिल्ली प्रचार प्रमुख रितेश अग्रवाल ने कहा कि इस अभियान को धीरे-धीरे दिल्ली के सभी अस्पतालों में शुरू किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष मोनिका पंत, आरके पनपालिया, सुनील मित्तल सहित स्वयंसेवी संस्था से जुड़े लोग और सफदरजंग अस्पताल के विभिन्न विभागों के एचओडी उपस्थित थे।
टैग्स काउंसलिंग सर्विस सफदरजंग अस्पताल आओ साथ चलें परामर्श सेवा