होम / मीडिया फोरम / विश्व नदी दिवस पर जुटे पत्रकार और पर्यावरणविद, उठाईं ये मांगें
विश्व नदी दिवस पर जुटे पत्रकार और पर्यावरणविद, उठाईं ये मांगें
रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्यों ने आगरा में एत्माउद्दौला व्यू पॉइंट पार्क के पास सभा को संबोधित किया और रैली निकाली
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
विश्व नदी दिवस पर रविवार की शाम रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्यों द्वारा आगरा में एत्माउद्दौला व्यू पॉइंट पार्क के पास रैली निकाली गयी। इस मौके पर आयोजित सभा में सर्वसम्मति से राष्ट्रीय नदी नीति की मांग की गयी। एक प्रस्ताव में सरकार से मांग की गयी कि अविलम्ब यमुना में अविरल जल प्रवाह की व्यवस्था की जाए और नदी की तलहटी को प्रदूषण मुक्त किया जाए. इसके साथ ही ताज महल के डाउनस्ट्रीम बैराज पर अति शीघ्र कार्य शुरू किया जाए।
इस मौके पर पर्यावरणविद डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने कहा, ‘वर्षों से अनेक वायदे किये गए हैं, लेकिन उनको अमलीजामा पहनने में अनुचित विलम्ब हो रहा है।‘ डॉ हरेंद्र गुप्ता ने कहा, ‘इसके लिए राजनैतिक इच्छाशक्ति की दरकार है।’ पायल सिंह चौहान ने कहा कि आगरा की जनता को नींद तोड़कर आवाज बुलंद करनी होगी। निधि पाठक ने कहा, ‘यमुना हमारी आस्था और धर्म का प्रतीक है।’ रंजन शर्मा ने यमुना की डिसिल्टिंग की मांग दोहराई।
इस मौके पर श्रवण कुमार सिंह ने 12 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक व वरिष्ठ पत्रकार ब्रज खंडेलवाल ने कहा कि यमुना बचेगी, तभी आगरा शहर स्मार्ट होगा और पर्यटन उद्योग को गति और दिशा मिलेगी। यमुना नदी की विशेष आरती गोस्वामी नंदन श्रोत्रिय और पंडित जुगल किशोर ने कराई।
कार्यक्रम में राहुल राज, दीपक राजपूत, पद्मिनी अय्यर, अमित कोहली, जीत कुशवाह, गोपाल शर्मा, पुरुषोत्तम गिरी, अभिदीप शर्मा, सत्यम शर्मा, अजीत चाहर, जगन प्रसाद तेहरिया, चतुर्भुज तिवारी, गन्नो पांडेय आदि ने भाग लिया।
टैग्स ब्रज खंडेलवाल विश्व नदी दिवस वर्ल्ड रिवर डे