होम / मीडिया फोरम / अखबारों को विज्ञापन देने के मामले में इस तरह का प्लान तैयार करेगी सरकार
अखबारों को विज्ञापन देने के मामले में इस तरह का प्लान तैयार करेगी सरकार
अखबारों से जुड़ी समस्याओं को लेकर हरियाणा संपादक संघ के एक प्रतिनिधि मंडल ने गुरुग्राम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट की
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
हरियाणा संपादक संघ के एक प्रतिनिधि मंडल ने गुरुग्राम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर उन्हें समाचार पत्रों की समस्याओं से अवगत कराया। गुरुग्राम के लोक निर्माण विश्रामगृह में मंगलवार को हुई इस मुलाकात के दौरान इस प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के लिए पेंशन सुविधा शुरू करने पर मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।
प्रतिनिधि मंडल की मुख्यमंत्री के साथ हुई मुलाकात में अन्य विषयों के साथ हरियाणा से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापन देने के बारे में भी चर्चा की गई। इस पर मुख्यमंत्री ने जल्द ही चंडीगढ़ में मीडिया सलाहकार अमित आर्य की उपस्थिति में सूचना, जनसंपर्क तथा भाषा विभाग के निदेशक पीसी मीणा और विभाग में विज्ञापन शाखा के प्रभारी के साथ बैठक बुलाने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री का कहना था कि समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापन देने का साप्ताहिक प्लान तैयार किया जाएगा और इस मामले में पारदर्शी नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रकाशित किए जा रहे स्थानीय समाचार पत्रों का अपना महत्व है और उनके बारे में भी सरकार अवश्य विचार करेगी। चर्चा के दौरान सोशल मीडिया के प्रसार तथा प्रभाव के बारे में भी विचार विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला, जगत क्रान्ति ग्रुप के मुख्य संपादक अरुण भाटिया, पल पल के मुख्य संपादक सुरेन्द्र भाटिया, गुड़गांव टुडे के मुख्य संपादक अनिल आर्य, पाठक पक्ष के संपादक देवेंद्र उप्पल आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर अमित आर्य और सूचना सह निदेशक आरएस सांगवान भी उपस्थित थे।
टैग्स मनोहर लाल खट्टर हरियाणा संपादक संघ