होम / मीडिया फोरम / आज के दौर में डिजिटल सुनामी की तरह है, अभी इसे समय देना होगा: विनीता यादव
आज के दौर में डिजिटल सुनामी की तरह है, अभी इसे समय देना होगा: विनीता यादव
डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म ‘न्यूज नशा’ (News Nasha) की फाउंडर और एडिटर-इन चीफ विनीता यादव समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित ‘मीडिया संवाद 2023’ को बतौर प्रमुख वक्ता संबोधित कर रही थीं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म ‘न्यूज नशा’ (News Nasha) की फाउंडर और एडिटर-इन चीफ विनीता यादव का कहना है कि आज के दौर में मीडिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि यदि आप सोशल मीडिया के कुछ खास प्लेटफॉर्म्स पर खबर पब्लिश करते हैं तो सरकार अथवा कोई अन्य आपको बाध्य नहीं करता है कि आप किस तरह की खबर डालें बल्कि दर्शक आपको बाध्य कर देते हैं। यदि आप उनके मन की खबरें नहीं दिखाते हैं तो वो आपको देखना ही नहीं चाहते हैं। मुझे लगता है कि मीडिया में यह सबसे बड़ी चुनौती है।
विनीता यादव ‘बदलते परिदृश्य में मीडिया: चुनौतियां और संभावनाएं’ विषय पर समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित ‘मीडिया संवाद 2023’ को बतौर प्रमुख वक्ता संबोधित कर रही थीं। इस मौके पर विनीता यादव का कहना था, ‘मीडिया में मेरी अपनी कोई विचारधारा नहीं है। सिर्फ सत्य दिखाना ही हमारी विचारधारा होती है। ऐसे में थोड़ी चिंता यह बन जाती है कि हम किस तरह और किस दिशा की तरफ जा रहे हैं। आज के दौर में डिजिटल मीडिया सुनामी की तरह है।’
इसके साथ ही विनीता यादव का यह भी कहना था, ‘मुझे लगता है कि वरिष्ठ पत्रकारों के लिए सोशल मीडिया आज की तारीख में सबसे अच्छी जगह है, जहां पर अनुभव की वाकई में काफी कीमत है। सोशल मीडिया पर वरिष्ठ पत्रकारों की एक ऐसी संस्था गठित होनी चाहिए, जो एकजुट होकर अपनी बात रख सके।’ इसके अलावा भी विनीता यादव ने मीडिया को लेकर तमाम चुनौतियों और संभावनाओं पर अपनी बात रखी।
बता दें कि एक्सचेंज4मीडिया (।exchange4media) समूह की हिंदी वेबसाइट 'समाचार4मीडिया' (samachar4media.com) द्वारा तैयार की गई 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40’ (40 Under 40)' की लिस्ट से एक सितंबर 2023 को पर्दा उठ गया। राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन हरिवंश नारायण सिंह के मुख्य आतिथ्य में दिल्ली स्थित ‘इंडिया इंटरनेशनल सेंटर’ (IIC) के सेमिनार हॉल- 1, 2 और 3 में आयोजित एक कार्यक्रम में इस लिस्ट में शामिल प्रतिभाशाली पत्रकारों के नामों की घोषणा की गई और उन्हें सम्मानित किया गया। इससे पहले सुबह नौ बजे से ‘मीडिया संवाद 2023’ का आयोजन किया गया, जिसके तहत विभिन्न पैनल चर्चा और वक्ताओं का संबोधन शामिल था।
यह इस कार्यक्रम का दूसरा एडिशन था। अपने दूसरे साल में ही हमें प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल से जुड़े युवा पत्रकारों की ओर से तमाम एंट्रीज प्राप्त हुई थीं। विभिन्न मापदंडों के आधार पर इनमें से करीब 94 पत्रकारों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। इसके बाद 20 मई 2023 को हुई वर्चुअल ‘जूरी मीट’ में हमारे प्रतिष्ठित जूरी सदस्यों ने तमाम स्तरों पर मूल्यांकन के बाद समाचार4मीडिया ‘पत्रकारिता 40 अंडर 40’ सूची के लिए इनमें से 40 पत्रकारों का चयन किया था, जिनके नामों की घोषणा एक सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में की गई।
पिछले एडिशन की तरह इस बार भी जूरी की अध्यक्षता ‘हिन्दुस्तान’ के एडिटर-इन-चीफ शशि शेखर ने की थी। इसके साथ ही जूरी में बतौर सदस्य ‘बिजनेसवर्ल्ड’ समूह के चेयरमैन व एडिटर-इन-चीफ और ‘एक्सचेंज4मीडिया’ समूह के फाउंडर व एडिटर-इन-चीफ डॉ. अनुराग बत्रा, ‘बीएजी फिल्म्स एंड मीडिया लिमिटेड’ की चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराधा प्रसाद, ‘टाइम्स नेटवर्क’ की ग्रुप एडिटर व ‘टाइम्स नाउ नवभारत‘ की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार, ‘एबीपी न्यूज’ के सीनियर वाइस प्रेजिडेंट (न्यूज और प्रॉडक्शन) संत प्रसाद राय, ‘जी न्यूज’ में एडिटर रजनीश आहूजा, ‘आजतक’, ‘गुड न्यूज टुडे’ और ‘इंडिया टुडे’ चैनल के न्यूज डायरेक्टर सुप्रिय प्रसाद, ‘न्यूज18 इंडिया’ के मैनेजिंग एडिटर किशोर अजवाणी, 'प्रभात खबर' के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी, 'माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय' भोपाल के कुलपति प्रो. केजी सुरेश, ‘दूरदर्शन’ के हेड ऑफ कंटेंट ऑपरेशंस राहुल महाजन, ‘आजतक’ में सलाहकार संपादक सुधीर चौधरी और ‘एनडीटीवी इंडिया’ के कंसल्टिंग एडिटर सुमित अवस्थी शामिल रहे। वहीं, नेटवर्क18 के कन्वर्जेंस के ग्रुप एडिटर ब्रजेश कुमार सिंह, वरिष्ठ पत्रकार संतोष भारतीय और एनडीटीवी के एग्जिक्यूटिव एडिटर अखिलेश शर्मा ने भी जूरी सदस्यों की भूमिका निभाई।
पिछली बार की तरह इस लिस्ट में मीडिया जगत से जुड़े 40 साल से कम उम्र वाले ऐसे पत्रकारों को शामिल किया गया, जिन्होंने अपने काम के जरिये इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई है और शिखर पर पहुंचे हैं। इसमें प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को शामिल किया गया है।
विनीता यादव का पूरा वक्तव्य आप नीचे देख-सुन सकते हैं:
टैग्स विनीता यादव अवॉर्ड्स इंडिया इंटरनेशनल सेंटर समाचार4मीडिया न्यूज नशा एस4एम विजेता समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40अंडर40 मीडिया संवाद 2023