होम / मीडिया फोरम / पत्रकारों के लिए दिल्ली पत्रकार संघ ने सरकार के सामने उठाईं ये मांगें
पत्रकारों के लिए दिल्ली पत्रकार संघ ने सरकार के सामने उठाईं ये मांगें
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पत्रकारों के प्रतिनिधमंडल को इन मांगों पर विचार करने का दिया आश्वासन
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
दिल्ली पत्रकार संघ (डीजेए) का एक प्रतिनिधमंडल अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के हित में सात सूत्री मांग पत्र मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और उस पर ठोस कदम उठाने की मांग की, जिस पर विचार करने का मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया।
‘डीजेए’ अध्यक्ष मनोहर सिंह की अगुवाई में हुई करीब 20 मिनट की इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने इस बात पर सहमति जताई कि दिल्ली में सभी पत्रकारों (गैर मान्यताप्राप्त को भी) को दिल्ली परिवहन निगम की सभी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिले। केजरीवाल ने कहा कि उनकी कोशिश है कि न केवल महिलाओं को, बल्कि तमाम पत्रकारों को भी मेट्रो के किराए में विशेष रियायत दी जाए। डीजेए पदाधिकारियों की मांगों को सुनने के बाद केजरीवाल ने संकेत दिया कि अगर केंद्र सरकार से सहयोग मिले तो दिल्ली सरकार मेट्रो रेल में भी पत्रकारों को किराए में छूट दे सकती है।
प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली परिवहन निगम की बसों में सभी पत्रकारों यानी मान्यता प्राप्त और गैर मान्यताप्राप्त पत्रकारों को नि:शुल्क यात्रा करने की सुविधा प्रदान करने, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए संचालित बसों में भी यह सुविधा प्रदान करने, पत्रकारों के लिए दिल्ली मेट्रो रेल में नि:शुल्क यात्रा की व्यवस्था करने, हरियाणा, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश आदि राज्यों की तरह दिल्ली के पत्रकारों को भी 60 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही मासिक पेंशन प्रदान करने और दिल्ली में यह राशि 25000 तक निर्धारित करने की मांग उठाई।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली सरकार से सभी पत्रकारों (मान्यताप्राप्त, गैर मान्यताप्राप्त, डेस्क) के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में अलग प्रेस पंजीकरण काउंटर बनाने, जांच केन्द्रों तथा दवाई काउंटर पर पत्रकारों के लिए अलग से खिडकी की व्यवस्था कराने और खिड़की के बाहर ‘पत्रकार’ शब्द अवश्य लिखे जाने की मांग की। इतना ही नहीं, दिल्ली में पत्रकारों के बैठने के लिए एक ‘पत्रकार भवन’ का निर्माण कराने और अकेली रहने वाली अथवा अविवाहित महिला पत्रकारों के लिए विशेष हॉस्टल का निर्माण कराने की मांग भी डीजेए ने मुख्यमंत्री के सामने रखी। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सहमति जताई और शीध्र समाधान का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में मनोहर सिंह के अलावा अमलेश राजू, राजेंद्र स्वामी, उमेश चतुर्वेदी, नेत्रपाल शर्मा, संतोष सूर्यवंशी, श्रीनाथ मेहरा, प्रतिभा शुक्ला, प्रेरणा कटियार, मिलन शर्मा, धर्मेद्र डागर, प्रियरंजन और आशुतोष कुमार सिंह आदि शामिल थे।
टैग्स अरविंद केजरीवाल दिल्ली पत्रकार संघ दिल्ली जर्नलिस्ट एसोसिएशन डीजेए डीटीसी बस दिल्ली मेट्रो