होम / मीडिया फोरम / भोपाल में पत्रकार के कोरोना संक्रमित होने का आया दूसरा मामला
भोपाल में पत्रकार के कोरोना संक्रमित होने का आया दूसरा मामला
केके सक्सेना के बाद भोपाल के एक और पत्रकार के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है। संबंधित पत्रकार एक स्थानीय न्यूज चैनल से जुड़ा हुआ है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
केके सक्सेना के बाद भोपाल के एक और पत्रकार के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है। संबंधित पत्रकार एक स्थानीय न्यूज चैनल से जुड़ा हुआ है। इसी के साथ राजधानी में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर 91 हो गई है। फिर एक पत्रकार के कोरोना की चपेट में आने से अन्य पत्रकारों में चिंता का माहौल है। खासतौर पर वे पत्रकार घबराए हुए हैं, जिनकी हाल-फिलहाल ही सम्बंधित पत्रकार से मुलाकात हुई थी। इसके साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा भी खड़ा हो गया है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों को बाइट, विज़ुअल आदि के लिए जगह -जगह घूमना पड़ रहा है। इसके चलते उनके कोरोना प्रभावित होने का खतरा ज्यादा है। जिस पत्रकार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वह भी शहर के प्रभावित क्षेत्रों में रिपोर्टिंग के लिए गए थे।
एक वरिष्ठ पत्रकार का कहना है कि कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए न्यूज़ चैनलों के संपादकों को अपने व्यावसायिक रवैये को कुछ समय के लिए किनारे रखना चाहिए। बाइट और विज़ुअल के नाम पर पत्रकारों एवं फोटो जर्नलिस्ट को शहर भर में दौड़ाया जाता है। उन्हें ऐसे इलाकों में भी जाना होता है, जहां कोरोना पॉजिटिव मामले अधिक हैं। यदि इस बारे में गंभीरता से नहीं सोचा गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी खराब हो सकती है।
गौरतलब है कि कोरोना से बचाव के लिए बड़े मीडिया संस्थान तमाम उपाय कर रहे हैं। कुछ चैनलों ने अपने माइक के डंडे की लम्बाई को बढ़ा दिया है, ताकि बाइट लेने के दौरान संक्रमण के जोखिम को कम से कम किया जा सके। वहीं, न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने अपने माइक को मास्क पहनाया है। लेकिन छोटे संस्थान इसे लेकर ज्यादा गंभीर नहीं हैं। भोपाल में पत्रकार के कोरोना संक्रमित होने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले वरिष्ठ पत्रकार केके सक्सेना कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां से पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई है।
टैग्स पत्रकार भोपाल कोरोना