होम / मीडिया फोरम / दिल्ली में बंदूक के बल पर ANI के पत्रकार से लूटपाट
दिल्ली में बंदूक के बल पर ANI के पत्रकार से लूटपाट
राजधानी दिल्ली के लक्ष्मीनगर इलाके में सोमवार देर रात एक पत्रकार के साथ बंदूक के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
राजधानी दिल्ली के लक्ष्मीनगर इलाके में सोमवार देर रात एक पत्रकार के साथ बंदूक के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। इस वारदात के दौरान पत्रकार को हाथ और पैर में चोटें भी आई हैं।
बता दें कि पत्रकार का नाम जॉय पिल्लै है और वे न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ में प्रड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। यह घटना तब हुई जब वे ऑफिस से काम खत्म कर रात करीब 12.15 बजे घर लौट रहे थे।
जॉय पिल्लै के मुताबिक, ‘उनके ऑफिस कैब ने उन्हें आरकेपुरम से शकरपुर ड्रॉप किया, लेकिन जब वे वहां से अपने घर, जोकि पांच मिनट की दूरी पर था, पैदल जा रहे थे, तब उन्होंने एक बाइक पर तीन लोगों को देखा। उन्होंने बंदूक और चाकू दिखाकर उनकी ओर इशारा किया, लेकिन वे रुके नहीं और अपने घर की तरफ तेजी से दौड़ने लगे। लेकिन इस बीच बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया और वे गिर गए, जिसके बाद बदमाशों ने उनके दो मोबाइल फोन, उनका पर्स और बैग छीन लिया और वहां से फरार हो गए। बाद में उन्होंने अपने एक फोन को कुछ दूरी पर पाया और पुलिस को फोन किया।
दिल्ली पुलिस ने शकरपुर पुलिस स्टेशन में लूट का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
टैग्स पत्रकार एएनआई लक्ष्मी नगर जॉय पिल्लै