होम / मीडिया फोरम / एयर इंडिया: मीडिया से बात करना अब नहीं रहा आसान, कर्मियों को पहले करना होगा ये काम
एयर इंडिया: मीडिया से बात करना अब नहीं रहा आसान, कर्मियों को पहले करना होगा ये काम
दिशा निर्देशों का पालन न करने वालों के खिलाफ होगी कार्यवाही
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
सरकारी विमानन कंपनी ‘एयर इंडिया’ (Air India) ने मीडिया से बातचीत को लेकर अपने कर्मचारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन दिशा-निर्देशों के अनुसार, कर्मचारियों को मीडिया से बात करने के लिए अब सीएमडी की अनुमति लेनी होगी। कंपनी की निदेशक (कर्मचारी) अमृता शरण के हस्ताक्षर से जारी इन दिशा निर्देशों में कहा गया कि कोई भी कर्मचारी बिना अनुमति लिए निजी तौर पर, कर्मचारी संघ के नाम पर अथवा किसी ग्रुप के नाम पर मीडिया को किसी भी तरह का बयान जारी नहीं करेगा।
इसके अलावा कंपनी से संबंधित वीडियो भी पोस्ट नहीं किए जा सकेंगे। मीडिया से बातचीत करने अथवा किसी भी तरह का बयान जारी करने से पहले कर्मचारी को उचित माध्यम से सीएमडी के सम्मुख आवेदन करना होगा। एयरलाइंस की ओर से बिना अनुमति इस तरह का काम करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। यह मामला उस समय उठा, जब घाटे में चल रही एयरलाइन के निजीकरण की कोशिशों की एयर लाइन के कुछ संगठनों ने सार्वजनिक तौर पर आलोचना की थी। गौरतलब है कि इस एयरलाइन में हिस्सेदारी बेचने की सरकार ने पिछले साल कोशिश की थी, लेकिन उस दौरान खरीदार नहीं मिले थे।
टैग्स एयर इंडिया सीएमडी मीडिया से बातचीत अमृता शरण