होम / मीडिया फोरम / महिला पत्रकार से DTC बस में हुई शर्मनाक घटना, कुछ नहीं कर पाया मार्शल
महिला पत्रकार से DTC बस में हुई शर्मनाक घटना, कुछ नहीं कर पाया मार्शल
पुलिस-प्रशासन के तमाम सुरक्षा इंतजामों के बावजूद देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं के साथ होने वाले अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं और लगातार ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
पुलिस-प्रशासन के तमाम सुरक्षा इंतजामों के बावजूद देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं के साथ होने वाले अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं और लगातार ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसी बीच एक महिला पत्रकार के साथ भी छेड़छाड़ का मामला सामने आया है और यह घटना दिल्ली की डीटीसी बस में हुई, जहां महिलाओं को सुरक्षित रखने के लिए करीब दो साल पहले मार्शल की तैनाती की शुरुआत की गई थी। बावजूद इसके ये प्रयास भी अब असफल साबित होते नजर आ रहे हैं।
महिला पत्रकार के मुताबिक, बीते बुधवार रात तकरीबन 8 बजे उन्होंने नोएडा से दिल्ली जाने के लिए डीटीसी बस पकड़ी। बस में काफी भीड़ थी। बस जैसे ही अगले स्टॉप पर पहुंची, तो टिकट चेक करने वाले पांच डीटीसी के कर्मचारी बस में चढ़ गए। इन्हीं कर्मचारियों में से एक टिकट चेकर ने टिकट मांगते समय उन्हें गलत तरीके से छुआ। महिला ने जब इसका विरोध किया तो टिकट चेकर ने धमकी भरे अंदाज में कहा, ‘मुझसे मत उलझ’।
इसके बाद महिला ने ड्राइवर और कंडक्टर से अपील की कि वे बस का दरवाजा बंद रखें, ताकि उसे सीधा पुलिस थाने ले जाया जा सके। लेकिन ड्राइवर ने ऐसा नहीं किया। उसने न केवल गाड़ी रोक दी, बल्कि पीछे का दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाल दिया। महिला ने मार्शल से मदद भी मांगी, लेकिन ज्यादा भीड़ होने की वजह से जब तक मार्शल वहां पहुंचता आरोपित बाहर निकल चुका था।
जब महिला पत्रकार ने ड्राइवर से कहा कि वह इस बात की शिकायत पुलिस से करेंगी, तो इस पर ड्राइवर ने जवाब दिया कि वह बस से यहीं उतर जाएं और फिर इसके बाद जिससे कहना है कहें।
महिला पत्रकार ने हिम्मत दिखाते हुए बस से उतरने को मना कर दिया और ड्राइवर से नजदीकी पुलिस थाने ले जाने की जिद की, जिसके बाद बस 12/22 थाने पहुंची, लेकिन थाने में शिकायत दर्ज करने के लिए कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था, लिहाजा महिला पत्रकार ने नोएडा के एसएसपी को ट्वीट करके मामले की जानकारी दी।
ट्वीट के बाद से यूपी पुलिस हरकत में आई है। पुलिस ने नोएडा सेक्टर- 24 थाने में पांच टिकट चेकर, मार्शल, ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच करने में लगी है।
वहीं, इस मामले को लेकर बस में मौजूद मार्शल से जब बात की गई तो उसने बताया कि हां, डीटीसी के कर्मचारी ने महिला पत्रकार बदतमीजी की है। उसने कहा कि पैसेंजर के साथ दुर्व्यवहार ना हो, ये सुनिश्चित करना उसका काम है। लेकिन पीछे का दरवाजा खुला, तो वो लोग पीछे के दरवाजे से निकल गए। फिलहाल नोएडा पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स महिला पत्रकार डीटीसी छेड़खानी