होम / इंटरनेशनल / गूगल की बढ़ी मुश्किलें, अमेरिकी न्याय विभाग ने दायर किया मुकदमा
गूगल की बढ़ी मुश्किलें, अमेरिकी न्याय विभाग ने दायर किया मुकदमा
गूगल की एकाधिकार प्रतिस्पर्धा रोधी नीतियों को लेकर संयुक्त राज्य अमेरिका के न्याय विभाग ने उसके खिलाफ मुकदमा दायर किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
दिग्गज टेक कंपनी गूगल (Google) की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। गूगल की एकाधिकार प्रतिस्पर्धा रोधी नीतियों को लेकर संयुक्त राज्य अमेरिका के न्याय विभाग ने उसके खिलाफ मुकदमा दायर किया है। एंटीट्रस्ट कानून के उल्लंघन के तहत टेक कंपनी के खिलाफ न्याय विभाग का यह दूसरा मुकदमा है।
मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, गूगल ने डिजिटल ऐडवरटाइजिंग बिजनेस में अपने प्रभाव का गलत इस्तेमाल किया है। मुकदमे का उद्देश्य डिजिटल ऐड स्पेस में इस टेक कंपनी के ऐड-टेक डिपार्टमेंट के एकाधिकार को खत्म करना है।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि मामले को इस सप्ताह के अंत तक पहले फेडरल कोर्ट में दायर किया जाएगा।
संयुक्त राज्य अमेरिका के न्याय विभाग के चीफ जोनाथन कंटेर (Jonathan Kanter) ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मुकदमे का उद्देश्य गूगल को इस बात के लिए जिम्मेदार ठहराना है कि उसने डिजिटल ऐड-टेक में लंबे समय से अपना एकाधिकार बना रखा है।
गूगल ने यह कहते हुए इसका प्रतिवाद किया कि संयुक्त राज्य अमेरिका के न्याय विभाग द्वारा दर्ज मुकदमा प्रतिस्पर्धी एडवर्टाइजिंग टेक्नोलॉजी सेक्टर में नवाचार को धीमा कर देगा, विज्ञापन शुल्क बढ़ाएगा और हजारों छोटे व्यवसायों और प्रकाशकों की वृद्धि को कठिन बना देगा।
टेक कंपनी ने यह कहते हुए बचाव दिया कि मुकदमा पब्लिशर्स, ऐडवर्टाइजर्स और इंटरनेट यूजर्स के खर्च पर इतिहास को फिर से लिखने का प्रयास है।
गूगल ने अपने प्रतिद्वंद्वियों Microsoft, Amazon, Apple, TikTok, Comcast और Disney के ऐड बिजनेस और कार्यों पर भी प्रकाश डाला, लेकिन सरकार ने फिलहाल गूगल की बातों पर ध्यान न देने का फैसला किया।
टेक कंपनी पर भारत में भी एंटीट्रस्ट कानून के उल्लंघन का आरोप है, जहां भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने एंड्रॉयड इकोसिस्टम में अपने प्रभुत्व का दुरुपयोग करने के लिए इसके खिलाफ भारी जुर्माना लगाया है।
टैग्स सोशल मीडिया मीडिया गूगल