होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इन वरिष्ठ पत्रकार को सरकार ने नवाजा पद्मभूषण से...
इन वरिष्ठ पत्रकार को सरकार ने नवाजा पद्मभूषण से...
पत्रकारिता और लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
पत्रकारिता और लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर को पद्मभूषण पुरस्कार देने की घोषणा की है। दरअसल, केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 112 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। इन पुरस्कारों में 4 पद्मविभूषण, 14 पद्मभूषण, और 94 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं। इसमें 21 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर हैं। इसी के तहत कुलदीप नैयर (मरणोपरांत) को यह पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
बता दें कि शुरुआती दिनों में कुलदीप नैय्यर एक उर्दू प्रेस रिपोर्टर थे। भारत सरकार के प्रेस सूचना अधिकारी के पद पर कई वर्षों तक कार्य करने के बाद वे यूएनआई ‘द स्टैट्समैन', ‘इंडियन एक्सप्रेस' के साथ लंबे समय तक जुड़े रहे थे। वे पच्चीस वर्षों तक ‘द टाइम्स' लंदन के संवाददाता भी रहे थे। 1996 में वे संयुक्त राष्ट्र के लिए भारत के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी रहे। 1990 में उन्हें ग्रेट ब्रिटेन में उच्चायुक्त नियुक्त किया गया था।
पत्रकारिता और लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के कारण 1997 में उन्हें राज्यसभा के लिए भी मनोनीत किया गया था। नैयर डेक्कन हेराल्ड (बेंगलुरु), द डेली स्टार, द संडे गार्जियन, द न्यूज, द स्टेट्समैन, द एक्सप्रेस ट्रिब्यून पाकिस्तान, डॉन पाकिस्तान, सहित 80 से अधिक समाचार पत्रों के लिए 14 भाषाओं में कॉलम लिखते रहे। आपातकाल के दौरान नैयर को सरकार के खिलाफ लेख लिखने के कारण जेल भी जाना पड़ा था।
पत्रकारिता की दुनिया में कुलदीप नैयर पत्रकारिता अवॉर्ड भी दिया जाता है। 23 नवम्बर, 2015 को वरिष्ठ पत्रकार और लेखक कुलदीप नैयर को पत्रकारिता में आजीवन उपलब्धि के लिए रामनाथ गोयनका स्मृ़ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार दिल्ली में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में केद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने प्रदान किया था।
टैग्स कुलदीप नैयर पद्मभूषण