होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / उपराष्ट्रपति ने चुनाव से पूर्व मीडिया को यह काम करने की दी सलाह
उपराष्ट्रपति ने चुनाव से पूर्व मीडिया को यह काम करने की दी सलाह
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने मीडिया को सलाह दी है कि उसे विभिन्न...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू ने मीडिया को सलाह दी है कि उसे विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रदर्शन के आधार पर उनका रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए, ताकि चुनाव के दौरान लोग सही विकल्प को चुन सकें।
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) की ओर से 20 मार्च को पहले 'अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल लेक्चर' में 'रोल ऑफ मीडिया इन मोल्डिंग एनलाइटेंड इलेक्टोरेट’ (Role of media in moulding enlightened electorate) विषय पर नायडू का यह भी कहना था कि यदि मीडिया इन राजनीतिक दलों का रिपोर्ट कार्ड पेश करे और लोग इन दलों से उनके दावों-वादों के बारे में जवाबदेही की मांग करें तो हमारा देश न सिर्फ दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र हो सकता है बल्कि यह दुनिया का साफ-सुथरा और जागरूक लोकतंत्र बन सकता है।
नायडू का यह भी कहना था कि मीडिया को शीशे की तरह सच्चाई दिखानी चाहिए, जो न तो कुछ छिपाता है और न ही चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाता है। पेड न्यूज के बारे में चिंता जताते हुए उपराष्ट्रपति ने यह भी कहा कि मीडिया को इस प्रवृत्ति से दूर रहना चाहिए। नायडू का यह भी कहना था कि चुनाव से पहले मीडिया को मुद्दों और चुनौतियों का विश्लेषण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया को बिना किसी भेदभाव के तथ्य रखने चाहिए और नजरिया बनाने का काम लोगों पर छोड़ देना चाहिए। इस मौके पर प्रसार भारती के चेयरमैन डॉ. ए. सूर्यप्रकाश, आईआईएमसी के डायरेक्टर जनरल के.जी. सुरेश और फैकल्टी समेत संस्थान के तमाम विद्यार्थी मौजूद थे।
टैग्स वेंकैया नायडू आईआईएमसी अटल बिहारी वाजपेयी मेमेरियल लेक्चर