होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड से सम्मानित होंगी महिला पत्रकार
इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड से सम्मानित होंगी महिला पत्रकार
पत्रकारिता में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए दिए जाने वाले प्रतिष्ठित...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए दिए जाने वाले इंटरनेशनल प्रेस इंस्टीट्यूट इंडिया (आईपीआई-इंडिया) अवॉर्ड के लिए इस साल ‘द वीक’ (THE WEEK) मैगजीन की वरिष्ठ पत्रकार नम्रता बिजी आहूजा को चुना गया है।
नम्रता को ‘नगा भूमिगत शिविरों’ पर लिखी गई खबर के लिए इस अवॉर्ड के लिए चुना गया है। आईपीआई के इंडिया चैप्टर की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि नम्रता ने अपनी खबर के जरिये बताया कि एक व्यवस्था के भीतर कैसे एक व्यवस्था समानांतर और गुप्त तरीके से काम करती है। इस अवॉर्ड के तहत दो लाख रुपए, एक ट्रॉफी और एक प्रशस्ति-पत्र दिया जाता है।
अवॉर्ड के लिए आई प्रविष्टियों पर विचार करने के बाद भारत के पूर्व अटॉर्नी जनरल सोली सोराबजी की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने एकमत से नम्रता को इस पुरस्कार के लिए चुना। चयन समिति के अन्य सदस्यों में आईपीआई इंडिया के अध्यक्ष एवं दि हिंदू के निदेशक एन. रवि, प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) के पूर्व प्रधान संपादक एम. के. राजदान, मलयाला मनोरमा के मुख्य एसोसिएट एडिटर रियाद मैथ्यू और फाइनेंसियल एक्सप्रेस एवं बिजनेस स्टैंडर्ड के पूर्व मुख्य संपादक संजय बारू शामिल थे। बताया जाता है कि दिल्ली में बाद में होने वाले एक कार्यक्रम में नम्रता को यह अवॉर्ड दिया जाएगा।
गौरतलब है कि पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतरीन काम करने वाले पत्रकारों अथवा मीडिया प्रतिष्ठानों को सम्मानित करने के लिए वर्ष 2003 में इस अवॉर्ड को शुरू किया गया था। इसके तहत पहला अवॉर्ड वर्ष 2003 में ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को गुजरात में हुए दंगों और इसके बाद की गई रिपोर्टिंग के लिए दिया गया था।
टैग्स पत्रकार नम्रता बिजी आहूजा द वीक