होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / The Hindu के कार्यक्रम’ में नजर आए कला के कई रूप
The Hindu के कार्यक्रम’ में नजर आए कला के कई रूप
दिल को छू लेने वाले संवाद कभी मन में चल रही उथल-पुथल को चेहरे पर बयां करते...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
दिल को छू लेने वाले संवाद कभी मन में चल रही उथल-पुथल को चेहरे पर बयां करते, कभी माहौल में एक अजीब सी खामोशी छा जाती, तो कभी अचानक ही इस खामोशी को चीरते हुए हंसी के ठहाके गूंज पड़ते। कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला अंग्रेजी अखबार ‘द हिन्दू’ के ‘थिएटर फेस्ट’ में। हर साल होने वाले इस आयोजन का यह 14वां संस्करण था। इस दौरान कॉमेडी, भावनात्मक नाटकों के साथ-साथ पेश किए गए कई अन्य कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अगस्त के आखिरी हफ्ते में चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में तीन दिनों तक चले इस फेस्ट में नौ नाटकों का हिंदी और अंग्रेजी में मंचन किया गया। प्रत्येक नाटक अपनी शैली में अनोखा था। विख्यात अभिनेता नसीरुद्दीन शाह द्वारा निर्देशित ‘औरत! औरत! औरत!’ ने दर्शकों की खूब तालियां बंटोरी। जैसा ही नाम से प्रतीत होता है, इस प्ले में सभी किरदार महिला कलाकारों ने ही निभाए। इसके अलावा, निर्देशक महेश दत्तानी के अंग्रेजी प्ले ‘डबल डील रीलोडेड’ ने भी दर्शकों को काफी प्रभावित किया। अपनी अदाकारी के जरिए लाखों दिलों पर राज करने वाले सौरभ शुक्ला भी ‘द हिन्दू’ के ‘थिएटर फेस्ट’ में नजर आए। अपने नाटक ‘बर्फ’ में उन्होंने सादिया सिद्दीकी के साथ दिल को छू लेने वाली प्रस्तुति दी।
‘द हिन्दू’ के ‘थिएटर फेस्ट’ में केवल कला का प्रदर्शन ही नहीं हुआ, बल्कि ऐसी कला को भी पहचान दी गई, जो अभी लोगों के सामने आई ही नहीं है। इस दौरान अंग्रेजी भाषा में मूल और अप्रकाशित स्क्रिप्ट के रचियता को ‘हिन्दू प्लेराइट’ अवॉर्ड से नवाजा गया। अखबार ने इस अवॉर्ड की शुरुआत 2008 में की थी, तब से हर साल ऐसी प्रतिभा का सम्मान किया जाता आ रहा है, जिसके लेखन में दिल की गहराइयों में उतरने की क्षमता हो। इस पुरस्कार की इनाम राशि 2 लाख रुपए है और इसमें 18 साल से ऊपर का कोई भी भारतीय लेखक या ऐसा व्यक्ति भाग ले सकता है जो पिछले पांच साल से भारत में रह रहा हो। इस बार के ‘हिन्दू प्लेराइट’ अवॉर्ड से ऐनी जैदी को सम्मानित किया गया है।
हिन्दू थिएटर फेस्ट में हर साल औसतन 10,000 लोग शिरकत करते हैं और कई नामी कंपनियां इससे प्रायोजक के तौर पर जुड़ती हैं। इस साल यस बैंक (YES Bank), उबेर (Uber), फीवर एफएम (Fever FM), जेब्रॉनिक्स (Zebronics), एवम (Evam), आई ऐड एंड इवेंट (i Ads & Events), ताज कोरोमंडल- चेन्नई (Taj Coromandel- Chennai), नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कारपोरेशन (National Mineral Development Corporation), डिपार्टमेंट ऑफ लैंग्वेज एंड कल्चर- तेलंगाना व गिरियास (Department of Language and Culture – Telangana and Girias) इस आयोजन के प्रायोजक थे। पिछले 14 सालों से द हिन्दू थिएटर कलाकारों के लिए एक अनोखा मंच प्रदान करता आ रहा है। ऐसे वक्त में जब पूरा ध्यान सिर्फ और सिर्फ सिनेमा तक ही सीमित होकर रह गया है, इस तरह की पहल वाकई सराहनीय है।
टैग्स द हिन्दू थिएटर फेस्ट