होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / आखिर ऐसा क्या पूछ लिया अभिज्ञान ने कि सिद्धू शो से हो गए काफूर...
आखिर ऐसा क्या पूछ लिया अभिज्ञान ने कि सिद्धू शो से हो गए काफूर...
आखिर ऐसा क्या पूछ लिया अभिज्ञान ने कि सिद्धू शो से हो गए काफूर...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
यदि मौजूदा वक्त में राजनीति में सबसे अच्छे वक्ताओं की लिस्ट बनाई जाए, तो नवजोत सिंह सिद्धू को निश्चित तौर पर टॉप 5 में शुमार किया जाएगा। बड़े-बड़े अनुभवी नेता भी जहां सवालों की गुगली पर गच्चा खा जाते हैं, वहीं सिद्धू अपनी हाजिरजवाबी से सबको चकित कर देते हैं। भाषा पर मजबूत पकड़ और शेरो-शायरी के अथाह ज्ञान की बदौलत सिद्धू विपरीत से विपरीत परिस्थितियों को अपने अनुकूल करना जानते हैं। ऐसा वक्ता जब सवालों की बौछार के बीच हथियार डाल दे, तो फिर सवाल दागने वाले की तारीफ लाज़मी हो जाती है।
दरअसल, पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणामों पर चर्चा के लिए एनडीटीवी इंडिया ने अपने शो ‘अबकी बार किसकी सरकार’ में कुछ मेहमानों को आमंत्रित किया था। पंजाब सरकार के मंत्री और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू टेलीफोन के जरिए शो से जुड़े हुए थे। शो की कमान एनडीटीवी इंडिया के वरिष्ठ पत्रकार अभिज्ञान प्रकाश के हाथों में थी।
अभिज्ञान प्रकाश की खासियत ये है कि उनके शो में बेवजह का हो-हल्ला नहीं होता, जो कि आजकल के डिबेट शो का अप्रत्यक्ष हिस्सा बन गया है। अभिज्ञान ने एक-एक करके मेहमानों से सवाल पूछना शुरू किया। जब बात सिद्धू पर आई तो वो अपने चिर-परिचत अंदाज़ में जवाब देने लगे। अभिज्ञान ने उनसे जानना चाह कि विधानसभा चुनावों के नतीजों को क्या कांग्रेस की लहर कहा जा सकता है? क्योंकि राजस्थान-मध्यप्रदेश में पार्टी को कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ा? क्या लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस को इससे ज्यादा मजबूत नज़र आने की ज़रूरत नहीं है? इस पर सिद्धू ने क्रिकेट में हार-जीत का उदाहरण दिया, जिससे अभिज्ञान संतुष्ट नहीं हुए। जब उन्होंने दोबारा सवाल दागा, तो सिद्धू क्रिकेट से निकलकर शेरो-शायरी में चले गए। इस बीच, शो में उपस्थित भाजपा सांसद चिंतामणि ने भी बयानबाजी शुरू कर दी।
हालांकि, अभिज्ञान ने उन्हें चुप कराया और फिर से सिद्धू से मुखातिब हुए, लेकिन सिद्धू बिना कोई जवाब दिए वहां से चले गए। अभिज्ञान ने उन्हें रोकने का प्रयास भी किया, मगर सिद्धू ने उनकी नहीं सुनी। अभिज्ञान कहते रहे कि ...क्या हो गया...कहां चले गए सिद्धू साहब, अभी तो बातचीत शुरू हुई थी. ओह...देखिये सिद्धू साहब चले गए...लेकिन नवजोत सिंह सिद्धू की तरफ से कोई जवाब नहीं आया।
आप पूरा वीडियो देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं...
टैग्स अभिज्ञान प्रकाश