होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / हर सूचना पर शक करना सीखें, बोले वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल
हर सूचना पर शक करना सीखें, बोले वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल
‘मीडिया एंड मीडिया एजुकेशन समिट’ (Media & Media Education Summit) में...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
‘मीडिया एंड मीडिया एजुकेशन समिट’ (Media & Media Education Summit) में ‘Conflict between Mainstream Media & Social Media and it’s Impact on Media Education’ शीर्षक से आयोजित पैनल डिस्कशन में यह सवाल भी उठा कि सोशल मीडिया के आने के बाद से शिक्षा पर इसका क्या प्रभाव पड़ा है? इस बारे में वरिष्ठ पत्रकार और फिल्ममेकर राजेश बादल ने कहा कि सोशल मीडिया आने के बाद से हम लोगों की चुनौतियां बढ़ गई हैं।
हमारे कई कोर्स बहुत पुराने हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘मैंने क़रीब बीस यूनिवर्सिटी के पाठ्यक्रम का गहराई से अध्ययन किया, उनमें कुछ भी नया शामिल नहीं किया गया है। जबकि समय के साथ टेक्नोलॉजी में काफी बदलाव हुआ है, इसके अलावा पत्रकारिता में भी काफी बदलाव हुए हैं। ऐसे में इससे संबंधित कोर्सेज के पाठ्यक्रम में बदलाव बहुत जरूरी है, जबकि कई साल से ये पाठ्यक्रम बदले ही नहीं गए हैं।’
राजेश बादल के अनुसार, ‘ पत्रकारिता में जो काम कर रहे हैं, उनके लिए तो ठीक है, लेकिन सोशल मीडिया तो हमारे पास ऐसा अवतार-ऐसा टूल आया है, जिसके लिए तो पत्रकार होना जरूरी है ही नहीं। आप जो भी देखते हैं और जिस तरीके से सोचते हैं, उसे बिना क्रॉस चेक किए यदि आप उसे उस टूल पर अभिव्यक्त कर देंगे तो वो एक सेकेंड के अंदर सोशल मीडिया में वायरल हो जाएगा। इसलिए यह एक ऐसा हथियार है जो कहीं अभिशाप तो कहीं वरदान बन जाता है। ऐसे में इसका इस्तेमाल काफी सोच-समझकर करना चाहिए।’
पत्रकारिता की पढ़ाई कर रहे छात्र भविष्य में अच्छे पत्रकार बन पाएं, इसके लिए सलाह देते हुए राजेश बादल ने कहा कि हम लोग जिस पेशे में हैं, उसमें साख का बहुत महत्व है। साख बनाने में बहुत समय लग जाता है, लेकिन गंवाने में एक मिनट भी नहीं लगता है। एक सूचना यदि आप देते हैं तो उसके बाद बड़ा मुश्किल होता है कि यदि वो गलत साबित हो गई तो आप कहां-कहां सफाई देते फिरेंगे। अखबार में तो एक बार को अगले दिन खंडन छापा भी जा सकता है लेकिन यदि आज कोई दर्शक 11 बजे टीवी के सामने बैठा है तो जरूरी नहीं है कि वह दो बजे भी बैठा होगा। ऐसे में टीवी पर यदि गलत जानकारी चली गई है या सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है तो वह एक मिनट में आपकी सारी प्रतिष्ठा मिट्टी में मिला देगी।
इसलिए इस बात का हमेशा ध्यान रखना चाहिए कि जो भी जानकारी मिले उसे क्रॉस चेक जरूर करें। हर सूचना पर शक करना सीखें और बिना तथ्यों की पड़ताल के कोई भी ऐसी सामग्री आगे न बढ़ाएं, जिससे साख प्रभावित हो।
टैग्स राजेश बादल मीडिया