होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / राजदीप सरदेसाई का मोदी की तारीफ वाला विडियो वायरल, जानें असलियत...
राजदीप सरदेसाई का मोदी की तारीफ वाला विडियो वायरल, जानें असलियत...
‘इंडिया टुडे’ के कंसल्टिंग एडिटर एवं वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई का एक विडियो आजकल...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
‘इंडिया टुडे’ के कंसल्टिंग एडिटर एवं वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई का एक विडियो आजकल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस विडियो में राजदीप को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की तारीफ करते दिखाया गया है। अब चूंकि राजदीप पर भाजपा विरोधी होने के आरोप लगते रहे हैं, इसलिए उनकी एकदम अलग तस्वीर बयां करते इस विडियो को भाजपा समर्थकों द्वारा खूब पसंद एवं शेयर किया जा रहा है। हालांकि, ये बात अलग है कि विडियो ऑरिजनल नहीं है, उसके साथ छेड़छाड़ की गई है। यह विडियो मई 2007 में प्रसारित एक शो से जुड़ा है, जिसमें सरकार की बेचैनी बढ़ाने वाले कई सवाल भी शामिल थे, लेकिन बड़ी सफाई से उन सवालों को हटा दिया गया और इस तरह पेश किया गया, जैसे राजदीप वाकई पीएम की शान में कसीदे पढ़ रहे हैं।
राजदीप सरदेसाई ने खुद अपने ट्विटर हैंडल पर मूल विडियो पोस्ट करते हुए लिखा है ‘अधूरा ज्ञान खतरनाक होता है: मई 2017 का मेरा विडियो संपादित करके इस तरह प्रसारित किया जा रहा है, जैसे कि @IndiaToday और मैं PM @narendramodi के प्रचार मशीन का हिस्सा हैं। सच्चाई यह है कि हम सभी को आईना दिखाते हैं: यहां पूरा विडियो है, द गुड, बैड और अग्ली’! दरअसल, मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने के मौके पर ‘इंडिया टुडे’ ने एक स्पेशल प्रोग्राम तैयार किया था, जिसका नाम था ‘द गुड, बैड और अग्ली’। इसे राजदीप सरदेसाई के साथ वरिष्ठ पत्रकारों राज चेंगप्पा और जावेद अंसारी ने होस्ट किया था। जैसा कि नाम से पता चलता है, शो में मोदी सरकार के अच्छे-बुरे कामों को रेखांकित किया गया था। इस शो के विडियो से केवल वही हिस्सा निकालकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसमें सरदेसाई मोदी सरकार के अच्छे कामों की बात कर रहे हैं। फेसबुक पेज ‘पॉलिटिक्स टुडे’ पर संपादित विडियो को अपलोड किया गया है, जिसे अब तक हजारों बार शेयर किया जा चुका है।
Half knowledge is dangerous: a May 2017 edited video of mine is being circulated as if @IndiaToday and I are part of a propaganda machine for PM @narendramodi . Truth is, we show the mirror to all in power: here is the full video, the good, bad and ugly! https://t.co/HParTyRAqf
— Rajdeep Sardesai (@sardesairajdeep) February 10, 2019
वैसे राजदीप सरदेसाई केवल इस संपादित विडियो को लेकर ही परेशान नहीं हैं, उन्होंने वेबसाइट ‘ऑपइंडिया’ पर भी उनके बारे में गलत खबर फैलाने का आरोप लगाया है। ‘ऑपइंडिया’ ने 8 फरवरी को एक न्यूज़ प्रकाशित की, जिसमें कहा गया कि राजदीप ने अपने शो में रॉबर्ट वाड्रा को ‘बेकसूर’ दिखाने के लिए उन तथ्यों को भी नज़रंदाज़ कर दिया, जिसने आधार पर प्रवर्तन निदेशालय वाड्रा से पूछताछ कर रहा है। खबर में ‘इंडिया टुडे’ के ट्वीट का जिक्र भी किया गया है, जिसके अनुसार, लंदन स्थित ज़मीन के कागजातों में रॉबर्ट वाड्रा का नाम नहीं है। साथ ही राजदीप का विडियो भी मौजूद है, जिसमें वो यही बात दोहरा रहे हैं। ‘ऑपइंडिया’ की इस स्टोरी पर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं। इसमें भाजपा नेता गिरिराज सिंह भी शामिल हैं। उन्होंने ट्वीट किया है ‘बेनामी का आशय है कि संपत्ति को वास्तविक मालिक के नाम होना चाहिए। शानदार..बेनामी प्रवक्ता।’ वहीं, सरदेसाई ने इस खबर पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है ‘अधूरे ज्ञान के चलते राइट विंग वेबसाइट ने एक और झूठ फैलाया। जाइए, मेरे पूरी स्टोरी देखिये। केवल उतना ही नहीं, जितना आपके दुष्प्रचार के लिए ज़रूरी है’।
इसके अलावा एक और ट्वीट ने भी वरिष्ठ पत्रकार को कुछ हद तक विचलित किया है। ये ट्वीट अभिनेता और राजनेता परेश रावल का है। दरअसल, राजदीप ने कुछ दिन पहले एक ट्वीट किया था। जिसमें उन्होंने लिखा था कि 16वीं लोकसभा ख़त्म होने वाली है...आज संसद से बाहर निकलते वक़्त एक बात मेरे दिमाग में अटकी कि सांसदों को लेने आने वालीं कारें आकार में बड़ी और आलीशान होती जा रही हैं। क्या हमारे सांसद, हमारे नए महाराज हैं? कल्पना करें कि महात्मा लैंडक्रूजर और मर्सिडीज में घूमते हैं। इस पर चुटकी लेते हुए परेश रावल ने ट्वीट किया ‘ऐसे भी दिन थे जब पत्रकारों के भी बंगले नहीं होते थे।’ ये बात सरदेसाई को अंदर तक चुभ गई, जो कि लाज़मी भी था। इसके जवाब में उन्होंने कहा ‘रावल साहब आप मेरा घर और यहां तक कि बैंक अकाउंट भी देख सकते हैं, एक भी खोटा पैसा मिला, तो मैं पत्रकारिता छोड़ दूंगा। बेहतर होगा कि आप यहां झूठ फैलाने के बजाय संसद में ज्यादा समय व्यतीत करें।
टैग्स नरेंद्र मोदी राजदीप सरदेसाई