होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वरिष्ठ पत्रकार अरनब गोस्वामी को पितृशोक...
वरिष्ठ पत्रकार अरनब गोस्वामी को पितृशोक...
'रिपब्लिक टीवी' (Republic TV) के एडिटर-इन-चीफ अरनब गोस्वाेमी के घर से एक दुखद खबर...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
'रिपब्लिक टीवी' (Republic TV) के एडिटर-इन-चीफ अरनब गोस्वामी के घर से एक दुखद खबर सामने आई है। अरनब के पिता कर्नल (रिटा.) मनोरंजन गोस्वामी का निधन हो गया है। मुंबई के एक अस्पताल में गुरुवार की देर रात करीब 12:45 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। वह 78 वर्ष के थे।
मीडिया को जारी शोक संदेश में अरनब गोस्वामी ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से बीमार थे। पार्थिव देह को शुक्रवार को गुवाहाटी लाया जाएगा, जहां पर शनिवार की दोपहर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गौरतलब है कि कर्नल (रिटा.) मनोरंजन गोस्वामी भारतीय जनता पार्टी के सदस्य रहे हैं। वह 1998 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के गुवाहाटी सीट से उम्मीदवार रह चुके हैं। वह पत्रकार, साहित्यकार और राष्ट्रवादी चिंतक के तौर पर भी प्रख्यात थे। एक सेना अधिकारी के साथ ही सिविल इंजीनियर, अधिवक्ता, सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता और टीवी कमेंट्रेटर के रूप में समाज में उनकी विशेष पहचान थी। वह निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों के मैनेजमेंट में शीर्ष स्तर पर अपनी सेवाएं देने के साथ ही उनके बोर्ड में भी शामिल रहे थे।
कर्नल(रिटा.) मनोरंजन गोस्वामी के निधन पर उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने शोक जताया है। अपने शोक संदेश में उपराष्ट्रपति ने कहा कि उनके निधन से असम के साहित्य जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
कर्नल (रिटा.) मनोरंजन गोस्वामी का जन्म जनवरी 1940 में असम के भारलुमुख में प्रतिष्ठित गोस्वामी परिवार में हुआ था। वह जाने-माने स्वतंत्रता सेनानी रजनीकांत गोस्वामी और हिरण्मयी देवी देवी के दूसरे नंबर के पुत्र थे। कर्नल (रिटा.) मनोरंजन गोस्वामी ने 1956 में सोनाराम हाईस्कूल से मैट्रिक करने के बाद गुवाहाटी के कॉटन कॉलेज में दाखिला लिया। इसके बाद उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में दाखिला ले लिया।
1962 में भारत और चीन के बीच जब युद्ध हुआ, उस समय वे दिल्ली में पढ़ाई कर रहे थे, तभी उन्होंने सेना को जॉइन करने का निर्णय ले लिया। ‘ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी’ (OTA) में ट्रेनिंग के बाद वे मद्रास की नौवीं इंजीनियर रेजीमेंट में कमीशंड अधिकारी बन गए। सेना में अपने तीस साल के कॅरियर के दौरान उन्होंने मिजोरम के विद्रोही क्षेत्रों समेत राजस्थान में बॉर्डर रोड्स टास्क फोर्स में अपनी सेवाएं दीं। वह हिमाचल प्रदेश में सेना भर्ती के इंचार्ज भी रहे।
सेना से रिटायरमेंट के बाद कर्नल (रिटा.) मनोरंजन गोस्वामी ने ‘Bongaigaon Refineries’ और ‘National Small Industries Co-operation’ के मैनेजमेंट में शीर्ष पदों पर काम किया। वर्ष 1998 में कर्नल (रिटा.) मनोरंजन गोस्वामी राजनीति के क्षेत्र में आ गए। हालांकि 1998 के चुनाव के बाद वे धीरे-धीरे राजनीति से दूर हो गए। इसके बाद एक अधिवक्ता और लेखक के तौर पर उन्होंने अपनी नई पारी शुरू की।
समाचार4मीडिया इस दुख की घड़ी में गोस्वामी परिवार के साथ है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि उनके परिजन को यह दुख सहने की ताकत प्रदान करे।
टैग्स अरनब गोस्वामी मनोरंजन गोस्वामी