होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अब इस न्यूज चैनल से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक चन्द्रा
अब इस न्यूज चैनल से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक चन्द्रा
बिहार के तेजतर्रार पत्रकारों में शुमार अभिषेक चन्द्रा ने अब अपने नए सफर की शुरुआत...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
बिहार के तेजतर्रार पत्रकारों में शुमार अभिषेक चन्द्रा ने अब अपने नए सफर की शुरुआत ‘न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया’ (NEWS WORLD INDIA) चैनल से की है। दरअसल, ‘न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया’ अपनी संपादकीय टीम को मजबूत कर रहा है। इसी कड़ी में चैनल ने पटना में अभिषेक चन्द्रा को बिहार ब्यूरो प्रमुख के रूप में नियुक्त किया है।
अभिषेक चन्द्रा ने अपने पत्रकारीय करियर की शुरुआत ‘स्टार न्यूज’ (अब एबीपी न्यूज) से की थी, जहां उन्होंनें ‘स्टार एंकर हंट’ (Star Anchor Hunt) कार्यक्रम में देश भर से आए 14,000 प्रतिभागियों में से कई राउंड के बाद टॉप-20 में पटना का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी जगह बनाई थी। टीवी पत्रकारिता के गुर अभिषेक ने ‘स्टार न्यूज’ के नोएडा स्टूडियो से सीखे। इसके बाद अभिषेक चन्द्रा ने ‘इंडिया न्यूज’ का रुख किया, जहां उन्हें बिहार का ब्यूरो चीफ बनाकर भेजा गया। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं पर अच्छी पकड़ होने की वजह से उन्होंने ‘इंडिया न्यूज’ ग्रुप के अंग्रेजी चैनल ‘न्यूज एक्स’ के काम को भी बखूबी निभाया। इसके बाद अभिषेक ने डिजिटल प्लेटफॉर्म का रुख कर लिया और पटना से ही चलने वाले ‘Live Cities’ संस्थान को बतौर डिप्टी एडिटर जॉइन कर लिया। जब अभिषेक ने ‘Live Cities’ के यूट्यूब चैनल को जॉइन किया था, तब चैनल के पास महज कुछ हज़ार सबस्क्राइबर्स ही थे, जिसे अभिषेक ने टीम-वर्क करते हुए केवल कुछ महीनों में आठ लाख तक पहुंचाया। उस दौरान अभिषेक द्वारा ‘Live Cities’ पर हर शाम बिहार की राजनीति पर किया जाने वाला पंद्रह मिनट का कार्यक्रम 'बिहार की बात' बेहद लोकप्रिय कार्यक्रम बन चुका था, जिसमे अभिषेक बिहार की हर रोज़ की प्रासंगिक राजनीति का विश्लेषण करते थे।
‘इंडिया न्यूज’ के साथ अभिषेक चन्द्रा ने पिछला लोकसभा चुनाव और बिहार विधान सभा चुनाव कवर किया था। अभिषेक ने दीपक चौरसिया के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक घंटे का लाइव इंटरव्यू करवाया था और वो भी तब जब नीतीश किसी चैनल को इंटरव्यू नहीं दे रहे थे। नेपाल में आये भूकंप में भी काठमांडो पहुंच अपनी रिपोर्टिंग शुरू कर देने वाले पहले पत्रकारों में अभिषेक चन्द्रा भी थे। पोखरा हवाईअड्डे से पांच-पांच दिन इंडियन आर्मी के हेलिकॉप्टर से नेपाल के दूरदराज इलाकों से बहद खराब मौसम में अभिषेक ने ‘इंडिया न्यूज’ के लिए आधे-आधे घंटे को बुलेटिन कीं।
अभिषेक अपनी शानदार आवाज, स्पष्ट उच्चारण, तीखे सवाल और राजनैतिक समझ के लिए जाने जाते हैं। दिल्ली विश्वद्यालय में पढ़े अभिषेक के बारे में बहुत कम लोगों को ही पता होगा कि वो हवाई जहाज भी उड़ाते हैं। उन्होंने पटना फ्लाइंग क्लब से कॉमर्सियल पायलट लाइसेंस ले रखा है। उनके पास कई सौ घंटे का उड़ान का अनुभव है। भारत सरकार का 'कैप्टन' रैंक उनके नाम के साथ जुड़ा है। पटना फ्लाइंग क्लब में ही उनके साथ राजीव प्रताप रूडी, मीसा भारती के पति शैलेश कुमार और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक साथ कॉकपिट में उड़ान भरी है, जिसकी वजह से भी अभिषेक को लालू परिवार का करीबी माना जाता है। वहीं उपेंद्र कुशवाहा ने भी सार्वजनिक तौर पर अभिषेक को उनकी पार्टी जॉइन करने का कई बार ऑफर दिया है। अभिषेक को कुशवाहा के भी काफी करीब माना जाता है।
टैग्स न्यूज वर्ल्ड इंडिया अभिषेक चन्द्रा