होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मीडिया ग्रुप्स-पत्रकारों पर सालभर में 20 मुकदमे दर्ज करा चुकी है ये बड़ी कंपनी
मीडिया ग्रुप्स-पत्रकारों पर सालभर में 20 मुकदमे दर्ज करा चुकी है ये बड़ी कंपनी
अनिल अंबानी का रिलायंस ग्रुप लगातार मीडिया संस्थानों, पत्रकारों और राजनेताओं...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अनिल अंबानी का रिलायंस ग्रुप लगातार मीडिया संस्थानों, पत्रकारों और राजनेताओं के खिलाफ मानहानि के मुकदमे दर्ज कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस ग्रुप इस साल 28 मानहानि के मुकदमे दर्ज करा चुका है जिनमें मीडिया ग्रुप्स, पत्रकार और राजनेता शामिल हैं।इन मुकदमों के जरिए कंपनी ने इन सभी से 80,500 करोड़ रुपए का हर्जाना मांगा है।
न्यूज़ वेबसाइट 'Scroll.in' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 20 मुकदमे मीडिया संस्थानों और पत्रकारों पर किए गए हैं, जिनमें ‘द वीक’ (The Week), ‘द वायर’ (The Wire), ‘एनडीटीवी’ (NDTV) आदि शामिल हैं। वहीं जिन पत्रकारों पर मुकदमा ठोका गया है, उनमें ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ (Financial Times) के पूर्व पत्रकार जेम्स क्रैबट्री और ‘बिजनेस स्टैंडर्ड’ (Business Standard) में लेख लिखने वाले अजय शुक्ला शामिल हैं।
अनिल अंबानी की कंपनी ने ‘टेलिग्राफ’ (The Telegraph) के खिलाफ 11 मामलों में कुल 65,000 करोड़, ‘Scroll.in’ के खिलाफ पांच मामलों में 15,000 करोड़, ‘एनडीटीवी’ (NDTV) के खिलाफ 10,000 करोड़ रुपए का मुकदमा किया गया है। बाकी 16 अन्य संस्थानों के खिलाफ मुकदमों को मिलाकर कुल 80,500 करोड़ के हर्जाने की मांग की गई है।
रिलायंस ग्रुप ने कुल 28 मुकदमों में से बाकी के आठ मानहानि के मुकदमे राजनेताओं के खिलाफ किए हुए हैं। इन राजनेताओं में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी जैसी शख्सियतें शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस ग्रुप ने सभी को नोटिस भेजा है और अधिकतर का कहना है कि उन्हें कानूनी कार्रवाई का नोटिस मिला है, जबकि कई लोगों ने नोटिस मिलने से इनकार किया है। वहीं कुछ का कहना है कि उन्हें संबंधित केस में जवाब देने के लिए पूरा समय नहीं दिया गया।
भेजे गए नोटिस में रिलायंस ग्रुप ने 24 घंटे के भीतर माफीनामा के साथ-साथ संबंधित आर्टिकल से विवादित हिस्सा हटाने की भी मांग की है। बता दें कि ये 28 मुकदमे सिर्फ राफेल डील से ही जुड़े नहीं है, बल्कि कई अन्य मामलों की रिपोर्ट छापने को लेकर भी रिलायंस ग्रुप ने मानहानि का नोटिस भेजा है। दिसंबर के महीने में रिलायंस कम्युनिकेशंस का मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो के द्वारा अधिग्रहण भी शामिल है।
टैग्स अनिल अंबानी रिलायंस ग्रुप