होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मीडिया चौपाल: कई स्ट्रीम्स के विशेषज्ञों ने बताईं यूं बारीकियां...
मीडिया चौपाल: कई स्ट्रीम्स के विशेषज्ञों ने बताईं यूं बारीकियां...
मीडिया की बारीकियों से रूबरू करने के लिए 30 जनवरी को...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (AIMC) द्वारा 30 जनवरी को अपने प्रमुख कार्यक्रम ‘मीडिया चौपाल’ (Media Chaupal) 2019 के दूसरे संस्करण का आयोजन किया गया। संस्थान के द्वारका स्थित कैंपस में हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को ऐसा मंच प्रदान करना था, जिसमें वे मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों-जर्नलिज्म, एडवर्टाइजिंग, पब्लिक रिलेशंस, इवेंट मैनेजमेंट और सोशल मीडिया आदि के बारे में एक-दूसरे से चर्चा कर सकें।
कार्यक्रम में देश भर से मीडिया जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं और अपने विचार रखे। इनमें ‘एडफैक्टर्स पीआर’ की वाइस प्रेजिडेंट लवांग खरे,‘बिजनेसवर्ल्ड अप्लॉज’ के डिप्टी एडिटर रुहैल अमीन,‘मैजिकसर्किल’ के एमडी हेमंत मिश्रा, ‘स्कूपवूप’ के क्रिएटिव सुपरवाइजर अंतिल यादव, ‘ब्रैंड कनेक्ट’ के डायरेक्टर पुनीत कौल, ‘न्यूज नेशन’ के एंकर और सीनियर प्रड्यूसर नावेद कुरैशी,‘रेडियो सिटी’ के नेशनल क्रिएटिव प्रड्यूसर रामित जैन और एपीजे सत्या विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनेशन के डीन और प्रोफेसर संजय अहिरवाल शामिल रहे।
इस दौरान दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न कॉलेजों के अध्यापक और छात्र ‘द आर्ट ऑफ स्टोरीटेलिंग-मेकिंग कम्युनिकेशन एंगेजिंग’ और ‘स्टोरीटेलिंग-पत्रकारिता का एक नया रूप’ विषयों पर मीडिया के दिग्गजों और विशेषज्ञों के बीच खुली चर्चा के साक्षी बने। सभी दिग्गजों ने मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में स्टोरीटेलिंग यानी कहानी कहने की कला को सबसे शक्तिशाली उपकरण बताया।
‘एडफैक्टर्स पीआर’ की वाइस प्रेजिडेंट लवांग खरे ने ‘द आर्ट ऑफ स्टोरीटेलिंग-मेकिंग कम्युनिकेशन एंगेजिंग’ पर हुए पैनल डिस्कशन के दौरान कहा,‘ हाल के वर्षों में संचार का परिदृश्य अभूतपूर्व रूप से बदल गया है और ब्रैंड्स कम्युनिकेशन में बिना स्टोरीटेलिंग के मार्केट में रहना असंभव है। स्टोरीटेलिंग के लिए दर्शकों के बारे में अच्छी समझ होनी चाहिए।’
‘ब्रैंड कनेक्ट’ के डायरेक्टर पुनीत कौल ने कहा, ‘ब्रैंड्स के लिए ऐसी स्टोरटेलिंग जरूरी होती है, जिससे दर्शक उससे खुद को जोड़ सकें। ‘न्यूज नेशन’ के एंकर और सीनियर प्रड्यूसर नावेद कुरैशी ने दूसरे पैनल ’स्टोरीटेलिंग-जर्नलिज्म का एक नया रूप’ की चर्चा में मीडिया के वर्तमान परिदृश्य के बारे में कहा, ‘पत्रकारिता परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। वो दिन चले गए जब मीडिया पेशेवर यह तय किया करते थे कि दर्शकों के लिए सबसे अच्छा क्या है। आज, दर्शकों से जुड़ने के लिए उन्हें समझने की जरूरत है।’ ‘स्कूपवूप’ के क्रिएटिव सुपरवाइजर अंतिल यादव का कहना था,‘अच्छी स्टोरी के लिए डिजाइन और मल्टीमीडिया का इस्तेमाल कंटेंट को आकर्षक बनाता है।’
टैग्स एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन मीडिया चौपाल