होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / 'साधना प्राइम न्यूज' के एडिटर-इन-चीफ मोहसिन खान ने दिया स्पष्टीकरण
'साधना प्राइम न्यूज' के एडिटर-इन-चीफ मोहसिन खान ने दिया स्पष्टीकरण
'साधना प्राइम न्यूज'चैनल के एडिटर-इन-चीफ मोहसिन खान समेत चार अधिकारियों...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
'साधना प्राइम न्यूज'चैनल के एडिटर-इन-चीफ मोहसिन खान समेत चार अधिकारियों पर एक बिल्डर से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। कोर्ट के आदेश पर गाज़ियाबाद के इंदिरापुरम थाने में इन सभी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हालांकि इस मामले में एडिटर-इन-चीफ मोहसिन खान ने अपने व सहयोगियों पर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है और इसका खंडन भी किया है।
मोहसिन खान ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर पूरी तरह से फर्जी और मनगढ़ंत तथ्यों से परे है। उन्होंने बताया कि शिप्रा मॉल की जो घटना बताई जा रही है वहां सैकड़ों टीवी कैमरे लगे हुए हैं और हर समय दर्जनों सुरक्षा गार्ड मौजूद रहते हैं। इसलिए यदि आरोपकर्ता के आरोप सही हैं तो वे कोई सीसीटीवी फुटेज साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध कराएं, जिसमें मैं या फिर मेरा कोई कर्मचारी मौजूद हो, और यदि आरोपकर्ता ऐसा नहीं कर सकते तो स्पष्ट है कि ये एक मंशा के तहत किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस वक्त की घटना बताई जा रही है उस समय मैं अपने कार्यालय में मौजूद था, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी देने को तैयार हूं, जिससे झूठ का अंदाजा लगाया जा सकता है।
गौरतलब है कि यूपी के गाजियाबाद में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वैभवखंड निवासी पीड़ित बिल्डर दीपक गर्ग का आरोप है कि चैनल में उनके निर्माण कार्य को लेकर गलत खबर दिखाई जा रही है। यही नहीं, विरोध करने पर उनसे 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। बिल्डर ने आरोपियों पर मारपीट करने, सवा 5 लाख रुपए और सोने की चेन व अंगूठी लूटने का भी आरोप लगाया है। दीपक गर्गरियल एस्टेट कंपनी शिप्रा स्टेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं।
टैग्स मोहसीन खान