होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मीडिया में #MeToo पर महिला आयोग सख्त, सूचना-प्रसारण मंत्रालय से अपील, ईमेल जारी...
मीडिया में #MeToo पर महिला आयोग सख्त, सूचना-प्रसारण मंत्रालय से अपील, ईमेल जारी...
देश में इन दिनों #MeToo कैंपेन छाया हुआ है। सोशल मीडिया पर कैंपेन के जरिए महिलाएं...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
देश में इन दिनों #MeToo कैंपेन काफी सुर्खियां बटोर रहा है। सोशल मीडिया पर इस कैंपेन के जरिए महिलाएं अपने साथ हुई यौन हिंसा की बातें खुलकर बता रही हैं। यौन उत्पीड़न के ये आरोप सिनेमा, मीडिया समेत कई क्षेत्रों के लोगों पर लगे या अभी भी लग रहे हैं, जिसके मद्देनजर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने सूचना-प्रसारण मंत्रालय से अब यह आग्रह किया है कि वह प्रिंट, प्रकाशन और प्रॉडक्शन हाउसों को यह निर्देश दे कि वे कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की शिकायतों की जांच के लिए एक आंतरिक समिति का गठन करें।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में आयोग को प्रिंट और डिजिटल मीडिया के लोगों के खिलाफ कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की कई शिकायतें मिली हैं, जिसके बारे में सूचना-प्रसारण मंत्रालय के सचिव को सूचित कर दिया गया है और आयोग ने सचिव से आग्रह किया है कि ऐसी शिकायतों की जांच के लिए कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न निरोधक कानून, 2013 के अनुसार आंतरिक कमेटियों का गठन सुनिश्चित किया जाए। ऐसे अपराधियों को कानून के मुताबिक दंडित किए जाने की जरूरत है।
वहीं दूसरी तरफ, वर्कप्लेस पर हुए यौन उत्पीड़न की शिकायत करने के लिए महिला आयोग ने एक ईमेल आईडी भी बनाई है। आयोग ने सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्मो पर यौन उत्पीड़न की कहानी बयां करने वाली महिलाओं से आग्रह किया है कि वे औपचारिक रूप से ncw.metoo@gmail.com पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
आपको बता दें कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने इस बाबत महिला आयोग से यौन उत्पीड़न की सभी शिकायतों की तेजी से जांच करने की बात कही थी।
गौरतलब है कि ‘#MeToo’ के तहत लगे आरोपों के चलते ही कई संपादकों-पत्रकारों को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ चुका है। यहां तक कि कई अखबारों के पूर्व संपादक रहे एम.जे.अकबर को भी केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
टैग्स मीडिया महिला आयोग सूचना-प्रसारण मंत्रालय