होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अब इस मीडिया हाउस से आई ये ‘बुरी खबर’
अब इस मीडिया हाउस से आई ये ‘बुरी खबर’
बड़े मीडिया हाउस ने एक नया कदम उठाते हुए अपने बिजनेस...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
मीडिया हाउस ‘डेक्कन क्रॉनिकल होल्डिंग्स’ (DCHL) ने अपने बिजनेस अखबार ‘फाइनेंसियल क्रॉनिकल’ (FINANCIAL Chronicle) को बंद कर दिया है। ‘डेक्कन क्रॉनिकल’ की ओर से इस अखबार के पांचों एडिशन (दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई) बंद कर दिए गए हैं।
बताया जाता है कि कभी इस अखबार में पत्रकारों की काफी बड़ी टीम हुआ करती थी, लेकिन अब वे छोड़कर जा चुके हैं और फिलहाल इसमें तीन-चार पत्रकार ही बचे हैं। अखबार के कर्मचारियों को चार महीने से ज्यादा समय से सैलरी नहीं मिल रही थी, जिससे उनके सामने घर चलाना मुश्किल हो रहा था। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि मैनेजमेंट में शीर्ष स्तर पर संकट के कारण इस अखबार को बंद किया गया है।
खबर है कि डेक्कन क्रॉनिकल अब भी फाइनेंसियल क्रॉनिकल ब्रैंड नेम को बनाए रखेगी और इसे मुख्य अखबार नॉर्थ में ‘एशियन एज’ (Asian Age) और दक्षिण भारत में ‘डेक्कन क्रॉनिकल’(Deccan Chronicle) के साथ मिला देगी। इसके बाद मुख्य अखबार में फाइनेंसियल क्रॉनिकल को दो पेज शामिल किए जाएंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले अंग्रेजी अखबार ‘द टेलीग्राफ’ (The Telegraph) का बिहार संस्करण 15 दिसंबर 2018 से बंद हो गया था। इसके अलावा ‘दैनिक भास्कर’ समूह का अंग्रेजी अख़बार ‘डीबी पोस्ट’ भी इसी साल की शुरुआत में बंद हो चुका है। राजधानी भोपाल से प्रकाशित होने वाले इस अख़बार का आखिरी अंक 7 जनवरी को आया था। इसके अलावा हाल ही में ‘जी मीडिया’ समूह ने भी अपने अंग्रेजी अखबार ‘डीएनए’ (DNA) के दिल्ली एडिशन बंद कर दिया है। दिल्ली में अब ‘डीएनए’ का बस ब्यूरो ऑफिस रहेगा।
टैग्स डेक्कन क्रॉनिकल फाइनेंसियल क्रॉनिकल