होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस हादसे ने छीन ली HT के पत्रकार की जिंदगी...
इस हादसे ने छीन ली HT के पत्रकार की जिंदगी...
झारखंड में बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 23 पर मंगलवार को सड़क दुर्घटना में...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
झारखंड में बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 23 पर मंगलवार को सड़क दुर्घटना में एक पत्रकार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पत्रकार का नाम राजेश उपाध्याय है और वे अंग्रेजी दैनिक ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ में कार्यरत थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक शराब लदी गाड़ी ने बाइक सवार राजेश उपाध्याय को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हेलमेट पहनने के बाद भी सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी जान चली गई।
वहीं, शराब लदी गाड़ी को जब्त कर ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
राजेश रांची के सेल कॉलोनी में रहा करते थे। वे सुबह रांची से बोकारो जा रहे थे। जरीडीह थाना क्षेत्र के कल्याणपुर पहुंचे ही थे कि सामने से शराब लदी तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि राजेश काफी दूर तक घिसटते चले गए और उनकी बाइक के परखच्चे तक उड़ गए। इधर, टक्कर मारने के बाद शराब लदी गाड़ी कुछ आगे जाकर रुक गई। मौके पर जुटी भीड़ ने फौरन घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद गाड़ी पर सवार लोग गाड़ी को छोड़कर भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। जब गाड़ी कि जांच की तो अंदर से तीन बोरा पाउच झारखंड सरकार का लिखा हुआ शराब बरामद हुआ। गाड़ी में बंगाल का नंबर है। पुलिस फिलहाल घटना की जांच में जुट गई है।
टैग्स पत्रकार रांची राजेश उपाध्याय दुर्घटना सड़का हादसा