होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / बर्थडे गर्ल करीना के दिल में पत्रकारों के लिए सॉफ्ट कॉर्नर
बर्थडे गर्ल करीना के दिल में पत्रकारों के लिए सॉफ्ट कॉर्नर
बॉलिवुड की बेबो यानी करीना कपूर खान आज पूरे 38 साल की हो गई हैं...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बॉलिवुड की बेबो यानी करीना कपूर खान आज पूरे 38 साल की हो गई हैं। करीना उन अभिनेत्रियों में शुमार हैं, जिन्हें मीडिया में सबसे ज्यादा सुर्खियां मिलती हैं। हालांकि, बाकी कलाकारों की तरह वो भी मानती हैं कि उनके निजी जीवन में मीडिया की दखलंदाजी ज्यादा बढ़ गई है। इस मुद्दे को लेकर करीना कई मौकों पर अपना गुस्सा भी जाहिर कर चुकी हैं, लेकिन फिर भी उनके दिल में पत्रकारों के लिए सॉफ्ट कार्नर है।
करीना मानती हैं कि सबसे मुश्किल अगर कोई काम है, तो वो है पत्रकारिता। एक पत्रकार को हर पल सजग और सतर्क रहना पड़ता है। दरअसल, पत्रकारों के प्रति करीना कपूर की सोच में बदलाव फिल्म ‘सत्याग्रह’ की शूटिंग के दौरान आया। करीना ने निर्देशक प्रकाश झा की इस फिल्म में टीवी पत्रकार की भूमिका निभाई थी। इससे पहले तक कुछ अन्य कलाकारों की तरह उन्हें भी लगता था कि मीडियाकर्मी केवल बात का बतंगड़ बनाते हैं, लेकिन जब उन्होंने किरदार में जान डालने के लिए पत्रकारिता की बारीकियों को समझा, तो बेबो को समझ आ गया कि ये कितना चुनौतीपूर्ण काम है। इस विषय में करीना ने कहा था कि मीडिया में काम करना काफी कठिन है। गर्मी हो या बरसात पत्रकारों को न्यूज कवर करने के लिए जाना ही पड़ता है। फिल्म में अपना किरदार निभाकर मैं समझी कि पत्रकारों पर कितना दबाव रहता है। ये बेहद चुनौतीपूर्ण पेशा है। आपको बता दें कि इस फिल्म में करीना के काम को काफी सराहा गया था।
करीना कपूर मीडिया में उनके बेटे तैमूर को लेकर आने वालीं हर छोटी-बड़ी खबर को लेकर जरूर परेशान हैं। हाल ही में इंडिया टुडे कॉनक्लेव के दौरान जब पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने उनसे पूछा कि क्या तैमूर को मीडिया में मिल रहीं सुर्खियां उन्हें पसंद है, तो करीना का जवाब था, ‘नहीं, मुझे यह पसंद नहीं है कि तैमूर के हर कदम की निगरानी की जाए। और लोग तो उसके हेयर स्टाइल से लेकर अन्य चीजों की चर्चा करते हैं। मेरा मतलब है कि वह अभी केवल 14 महीने का है’।
इस दौरान करीना ने यह भी कहा कि मीडिया की बहुत अधिक दखलअंदाजी से उनकी पर्सनल लाइफ प्रभावित हो रही है। कुछ वक़्त पहले जब करीना कपूर की प्रेगनेंसी को लेकर मीडिया में ख़बरें चल रहीं थीं, तब भी उन्होंने इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की थी। इतना ही नहीं उन्होंने के पत्रकार को सार्वजानिक तौर पर फटकार भी लगाई थी।
दरअसल, करीना से एक पत्रकार ने पूछ लिया था कि वो लगातार फिल्मों की शूटिंग कर रही हैं मेटरनिटी लीव क्यों नहीं ले रहीं। इतना सुनते ही करीना का पारा चढ़ गया और उन्होंने गुस्से भरे लहजे में जवाब देते हुए कहा, ‘मैं प्रेग्नेंट हुई हूं, मरी नहीं हूं। और ये मेटरनिटी लीव क्यों होता है? इस दुनिया में बच्चे को जन्म देना एक नॉर्मल सी बात है। मीडिया ने इसे बड़ा बना दिया। इसे नेशनल कैजुअलिटी बनाना बंद करें। हमलोग 2016 में जी रहे हैं 1800 में नहीं। मैं जैसी पहली थी उससे अलग दिखाने की कोशिश न करें’। करीना यहीं पर ही नहीं रुकीं, उन्होंने आगे कहा मेरा शादी करना या फैमिली बनाना मेरे करियर के बीच नहीं आ सकता। इस मुद्दे पर ज्यादा नहीं उछाला जाना चाहिए।
फिल्मय 'रेफ्यूजी' से अपने बॉलिवुड करियर की शुरुआत करने वालीं करीना ने एक के बाद एक कई बेहतरीन फिल्में दी हैं। करीना को उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। अशोका और व्यावसायिक दृष्टि से बेहद सफल रही कॉमेडी-रोमांस फिल्म ‘जब वी मेट’ में उनके काम की आज भी सराहना होती है।
समाचार4मीडिया की ओर से करीना को जन्मदिन की शुभकामनाएं...
टैग्स करीना कपूर बर्थडे जन्मदिन