होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकारिता को कैसे दी जाए धार, बताया वरिष्ठ पत्रकार ब्रज खंडेलवाल ने
पत्रकारिता को कैसे दी जाए धार, बताया वरिष्ठ पत्रकार ब्रज खंडेलवाल ने
राजस्थान के माउंट आबू स्थित प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में 21 से 25 सितंबर तक...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
राजस्थान के माउंट आबू स्थित प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में 21 से 25 सितंबर तक पत्रकारों का चार दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन हुआ। विवि के शांतिवन कैंपस में आयोजित इस सम्मेलन में देश भर से हजारों मीडियाकर्मी शामिल हुए।
कार्यक्रम में शामिल पत्रकारों का कहना था कि देश में मास मीडिया अपनी दिशा, दशा और मूल्यों को खो चुकी है। इसमें पैसा शामिल हो गया है। सम्मेलन की थीम ‘Enlightened Media for Building a better world ‘ रखी गई थी। इसमें शामिल लोगों का मानना था कि मीडिया प्लेटफॉर्म्स को टीआरपी और रेवेन्यू जुटाने के दबाव से अलग करने के लिए एक नया मॉडल तैयार करना चाहिए।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार ब्रज खंडेलवाल ने कहा, ‘हमारे देश में पत्रकारिता कभी तटस्थ नहीं रही है। यदि नैतिक पत्रकारिता की बात होती थी तो व्यक्ति को सही-गलत का चुनाव करना होता था। आप कैसे अन्याय, शोषण के खिलाफ तटस्थ रह सकते हैं। हां, मीडिया को सक्रिय होने की जरूरत है। पत्रकार एलियंस नहीं हैं। उन्हें समाज में अपनी सहभागिता बढ़ानी होगी। एक पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पर्यावरण संबंधी मुद्दों में शामिल होने का मेरा अपना निजी अनुभव काफी संतोषजनक रहा है।’
ब्रज खंडेलवाल का कहना था, ‘आगरा में प्रदूषण एक बहुत बड़ा मुद्दा है। इसके बारे में लिखने के साथ ही मैं नदियों के प्रदूषण को लेकर विरोध-प्रदर्शन करता रहता हूं। मेरा मानना है कि सांस्कृतिक और आर्थिक न्याय के लिए कलम को एक प्रभावी हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।’
कार्यक्रम के आयोजकों का कहना था कि जब तक पत्रकार खुद अपने निजी और व्यावसायिक जीवन में मूल्यों और सिद्धांतो को शामिल नहीं करेंगे, तब तक वे न खुद और न ही मीडिया के माध्यम से दूसरों को सशक्त बना सकते हैं।
उनका कहना था, ‘आज इस बात की जरूरत है कि वर्तमान सिस्टम, मार्केट और उपभोक्तावाद संस्कृति के साथ-साथ व्यवहार के सामाजिक मूल्यों पर टिके समाज को बदलने के लिए पत्रकार को स्वयं को प्रबुद्ध होना पड़ेगा।‘ आयोजन समिति में शामिल बीके अमर भाई ने कहा, ‘सम्मेलन में पत्रकारों को सकारात्मक मूल्यों को बढ़ावा देने और मीडिया कवरेज में नकारात्मकता समाप्त करने की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया गया।
टैग्स