होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कुंभ में ऐसे 'पत्रकारों' से जरा बचके रहना रे बाबा...
कुंभ में ऐसे 'पत्रकारों' से जरा बचके रहना रे बाबा...
पुलिस ने पांच ऐसे फर्जी पत्रकारों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों से...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
इलाहाबाद में कुंभ मेला शुरू होने से पूर्व ही जालसाज भी सक्रिय हो गए हैं। पुलिस ने मेला क्षेत्र से ऐसे ही पांच जालसाजों को गिरफ्तार किया है, जो खुद को टीवी चैनल का रिपोर्टर बताकर बाबाओं से रकम ऐंठने में जुटे हुए थे। पकड़े गए इन फर्जी पत्रकारों के पास से नगदी समेत कई अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह साधु-महात्माओं के साक्षात्कार व कार्यक्रम के प्रसारण के नाम पर उनसे मोटी रकम ऐंठते हैं। पुलिस के अनुसार, इनके पास से 35 लोगों की सूची मिली है, जिनसे यह संपर्क कर चुके थे। बुकिंग के लिए इन्होंने बाकायदा रसीद भी छपवा रखी थी।
एक प्राइवेट चैनल के एचआर ऑफिस में कार्यरत राहुल खन्ना पुत्र आरके खन्ना की रिपोर्ट पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस को दी शिकायत में राहुल का कहना था कि कुछ लोग फर्जी तरीके से उनके चैनल के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके साथ ही गलत खबर प्रसारित कर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस को पता चला कि एक टीवी चैनल के नाम पर कुछ लोग खुद को पत्रकार बताकर बाबाओं से पैसा ऐंठ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पहले तो इन्होंने खुद को पत्रकार बताकर धौंस जमाने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में हकीकत बयां कर दी।
पकड़े गए फर्जी पत्रकारों के नाम हिमांशु पुत्र देवेन्द्र कौशिक, सचिन पुत्र बृजेन्द्र कौशिक, विकास पुत्र देवेन्द्र कौशिक, सुमित पुत्र रमेश कुमार और विवेक कौशिक हैं। सभी हरियाणा सोनीपत के निवासी बताए गए हैं। पुलिस इन जालसाजों के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
टैग्स गिरफ्तार फर्जी पत्रकार