होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / हिंदी न्यूज चैनलों पर अरनब गोस्वामी का बड़ा 'अटैक', पूछा ये सवाल...
हिंदी न्यूज चैनलों पर अरनब गोस्वामी का बड़ा 'अटैक', पूछा ये सवाल...
वरिष्ठ पत्रकार अरनब गोस्वामी का हिंदी न्यूज चैनल ‘रिपब्लिक भारत’ (republic bharat) जल्द ही मार्केट में दस्तक देने जा रहा है। ऐसे में मीडिया जगत में यह सवाल भी उठने लगा है कि मार्केट में पहले से ही तमाम चैनल हैं, ऐसे में नए चैनल की क्या जरूरत है...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
वरिष्ठ पत्रकार अरनब गोस्वामी का हिंदी न्यूज चैनल ‘रिपब्लिक भारत’ (republic bharat) जल्द ही मार्केट में दस्तक देने जा रहा है। इसके लिए जोर-शोर से तैयारी चल रही है। ऐसे में मीडिया जगत में यह सवाल भी उठने लगा है कि मार्केट में पहले से ही तमाम चैनल हैं, ऐसे में नए चैनल की क्या जरूरत है और कैसे यह चैनल इन सबसे अलग होगा और मार्केट में अपनी जगह बना पाएगा? इस सब सवालों को लेकर हमारी सहयोगी वेबसाइट ‘एक्सचेंज4मीडिया’ (exchange4media) ने ‘रिपब्लिक टीवी’ के एमडी और एडिटर-इन-चीफ अरनब गोस्वामी से बातचीत की। इस बातचीत में अरनब गोस्वामी ने इस न्यूज चैनल को शुरू करने के उद्देश्य के साथ ही यह भी बताया कि कैसे वे इस चैनल को ग्लोबल न्यूच वेंचर बनाना चाहते हैं। विस्तार से हुई इस बातचीत के कुछ अंश आज पढ़िए, शेष बातचीत भी जल्द ही प्रकाशित की जाएगी।
प्रस्तुत हैं इस बातचीत के प्रमुख अंश-
हिंदी न्यूज का मार्केट पहले ही काफी फैला हुआ है यानी बहुत सारे चैनल पहले से हैं। ऐसे में आपके नए चैनल ‘रिपब्लिक भारत’ में क्या खास होगा जो इसे दूसरों से अलग करेगा और अपनी जगह बनाने में मदद करेगा?
मुझे लगता है कि इस चैनल के द्वारा हम लोगों को ‘न्यूज’ दिखाएंगे, जो आजकल हिंदी न्यूज जॉनर से एक तरह से गायब हो गई है। यदि आप आज किसी से पूछें कि हिंदी न्यूज चैनलों के बारे में वे क्या सोचते हैं, तो अधिकांश लोगों का यही कहना होगा कि उन्हें न्यूज मिल कहां रही है? पिछले दस सालों की ही बात करें तो किसी भी हिंदी चैनल ने एक भी बड़ी स्टोरी ब्रेक नहीं की है। किसी भी पाठक या दर्शक से पूछ लें कि क्या इतने समय में कोई एक्सक्लूसिव स्टोरी उन्हें पढ़ने/देखने को मिली है या किसी भी हिंदी न्यूज चैनल ने उसका फॉलोअप किया है तो सभी का जवाब न में होगा। मेरे कहने का मतलब ये है कि आजकल हिंदी न्यूज चैनल अपने दर्शकों को न्यूज नहीं दे पा रहे हैं, बल्कि उसके नाम पर तमाम चीजें परोसी जा रही हैं। पहले भी जितनी बड़ी स्टोरी ब्रेक की गई हैं, वे हमारी टीम अथवा कुछ अन्य लोगों द्वारा की गई हैं, लेकिन किसी हिंदी न्यूज चैनल के द्वारा ऐसा नहीं किया गया है। इसलिए हमने रिपब्लिक भारत को लॉन्च करने का निर्णय लिया है और यह इस जॉनर में तहलका मचा देगा। हम इस चैनल के द्वारा लोगों को बताना चाहते हैं कि असली न्यूज क्या होती है, जो उन्हें अन्य हिंदी चैनल नहीं दे पा रहे हैं।
जब भी आप कोई न्या वेंचर लॉन्च करते हैं, तो लोगों की अपेक्षाएं भी काफी होती हैं। जैसे- इसके नंबर वन होने से लेकर मार्केट में अपनी खास जगह बनाने तक तमाम उम्मीदें होती हैं। कहने का मतलब है कि आप इन सब चीजों को कैसे देखते हैं? क्या इन उम्मीदों को पूरा करने को लेकर आपके ऊपर ज्यादा दवाब रहता है?
मैं अपनी हर लॉन्चिंग को लेकर काफी उत्साहित रहता हूं और लगातार किसी न किसी लॉन्चिंग में लगा रहता हूं। यह तो एक प्रक्रिया है लेकिन मैं किसी भी प्रॉडक्ट को यह सोचकर लॉन्च नहीं करता कि मुझे इसके बारे में सब पता है। मुझे उसके बारे में सब कुछ नहीं पता होता है, मैं तो उससे कुछ न कुछ सीखता हूं। सबसे खास बात ये है कि मेरे पास बहुत ही अच्छी टीम है। टेक्नोलॉजी और प्रॉडक्शन के अलावा एडिटोरियल के नजरिये से भी हमारी टीम बहुत ही अच्छी है। इस बात में कोई शक नहीं है कि आज की तारीख में देश में किसी भी नेटवर्क के मुकाबले हमारी कंटेंट तैयार करने की क्षमता सबसे बेहतर है। ऐसा नहीं है कि इससे चैनल की लॉन्चिंग काफी आसान हो जाती है। लेकिन जब आप अपनी टीम को लेकर उत्साह के साथ आगे बढ़ते हैं और कुछ नया करने का हौसला रखते हैं तो चीजें सही होती हैं।
मैं यह सोचकर हिंदी न्यूज जॉनर में नहीं उतर रहा हूं कि मुझे इस बारे में सब पता है लेकिन मैं चीजों को तेजी से सीखने में विश्वास रखता हूं। मेरी टीम के सदस्य भी सीखने को लेकर हमेशा तैयार रहते हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि इस लॉन्चिग के जरिये हिंदी न्यूज चैनल के बिजनेस को इस तरह बदलकर रख देंगे. जैसा पहले कभी भी नहीं हुआ है।
टैग्स अरनब गोस्वामी रिपब्लिक भारत