होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / भारत में यह काम कर रहा था अमेरिकी पत्रकार, वापस भेजने की तैयारी
भारत में यह काम कर रहा था अमेरिकी पत्रकार, वापस भेजने की तैयारी
भारत आए अमेरिकी फ्रीलांस पत्रकार को वापस उनके देश भेजने की तैयारी...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
भारत आए अमेरिकी फ्रीलांस पत्रकार मार्क सिआला (Mark Scialla) को वापस उनके देश भेजने की तैयारी हो रही है। उन्हें तमिलनाडु पुलिस ने रविवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, फिर कुछ देर बाद रिहा कर दिया। अब उन्हें वापस अमेरिका भेजने की योजना पर काम किया जा रहा है।
मार्क सिआला ‘द गार्डियन’ और ‘अल जज़ीरा’ जैसे मीडिया संस्थानों के लिए भी काम कर चुके हैं। पुलिस का कहना है कि उन्होंने प्लांट को लेकर हुई हिंसा के कथित घायलों का इंटरव्यू लिया, इसके अलावा अमेरिकी पत्रकार ने प्लांट को आधार बनाते हुए लोगों से उनके स्वास्थ्य के संबंध में भी सवाल-जवाब किए। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर मार्क यहां किस उद्देश्य से आए हैं, क्या उनका मकसद प्लांट के खिलाफ लोगों को भड़काना है?
वहीं, तूतीकोरन पीपल वेलफेयर लॉयर्स फेडरेशन ने अमेरिकी पत्रकार की भूमिका पर संदेह जताया है। फेडरेशन का कहना है कि मार्क स्थानीय लोगों को प्लांट के खिलाफ भड़काने आए हैं। पुलिस के अनुसार, टूरिस्ट वीजा पर भारत आए मार्क से जब अपने गैजेट दिखाने को कहा गया, तो उन्होंने इनकार कर दिया। चूंकि मार्क टूरिस्ट वीजा पर यहां आए हैं, इसलिए वह इस तरह से प्लांट के संबंध में लोगों का इंटरव्यू नहीं कर सकते। पुलिस अब मार्क के खिलाफ केस दर्ज करने और उन्हें वापस अमेरिका भेजने की तैयारी में है।
वहीं, मार्क ने अमेरिकी दूतावास से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि प्लांट समर्थकों से उन्हें अपनी जान का खतरा है। दूतावास तक मामला पहुंचने के बाद पुलिस ने पत्रकार की सुरक्षा में एक कांस्टेबल तैनात कर दिया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि टूरिस्ट के तौर पर मार्क जहां चाहे जा सकते हैं, लेकिन उन्हें लोगों का इंटरव्यू करने की इज़ाज़त नहीं होगी।
टैग्स अमेरिकी पत्रकार मार्क सिआला