होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जल्द ही इस तरह के दो चैनल शुरू करेगी यूपी सरकार
जल्द ही इस तरह के दो चैनल शुरू करेगी यूपी सरकार
यह फैसला डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में शिक्षा समिति की बैठक में लिया गया है। यह बैठक विधानभवन स्थित उप मुख्यमंत्री के कक्ष में आयोजित की गई
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोरोना महामारी ने शिक्षा के क्षेत्र को भी प्रभावित किया है। लिहाजा इसे देखते हुए अब उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी छलांग लगाने की तैयारी कर रही है। दरअसल, यूपी सरकार जल्द ही दो नए शैक्षिक चैनल शुरू कर सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्राथमिक स्कूलों से लेकर उच्च शिक्षण संस्थाओं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को घर बैठे पढ़ाई कराने के लिए ही दो नए शैक्षिक चैनल शुरू करने की योजना बनायी गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि कोरोना महामारी के चलते अभी स्कूलों को खोलने पर अनिश्चितता है। यह भी अभी तय नहीं हो पाया है कि स्कूलों में पढ़ाई कब से शुरू की जाए। लिहाजा इसे देखते हुए विद्यार्थियों को घर बैठे ही पढ़ाई के लिए कम्युनिटी रेडियो और एक कॉमन वेबसाइट बनाकर कम्युनिटी व्यूइंग की सुविधा दी जाएगी।
यह फैसला डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में शिक्षा समिति की बैठक में लिया गया है। यह बैठक विधानभवन स्थित उप मुख्यमंत्री के कक्ष में आयोजित की गई, जिसमें यह भी निर्णय लिया गया है कि योग्य शिक्षकों को विश्वस्तरीय ई-कंटेट तैयार करने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
वहीं एकेटीयू के कुलपति प्रो.विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में गठित की गई कमेटी के सुझाव के अनुसार डेटा सर्विसेज की दरों को कम करने के लिए एक विशेष वेबसाइट तैयार की जाएगी, जिसमें 80 फीसदी खर्च शासन और 20 फीसदी डेटा प्रोवाइडर कंपनी करेगी। इतिहास और हिंदी जैसे विषयों को रोचक ढंग से पढ़ाने के लिए कम्युनिटी रेडियो शुरू करने की योजना बन रही है। विभाग हर जिले में ऐसे शिक्षकों को चिन्हित कर रहा है, जो विषयों को रोचक ढंग से पढ़ा सकें।
बता दें कि फिलहाल माध्यमिक शिक्षा विभाग ‘स्वयंप्रभा’ चैनल के जरिये क्लासेज शुरू कर चुका है। इस चैनल पर प्रसारित किए जाने वाले वीडियो कई प्रोसेस के तहत ही प्रसारित किए जाते हैं। इसके अलावा कई बच्चे बिजली की कटौती व अन्य कई वजहों से दूरदर्शन पर प्रसारित कार्यक्रम नहीं देख पाते थे, जिसे ध्यान में रखते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने एक यूट्यूब चैनल भी लॉन्च किया है। दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले शैक्षिक कार्यक्रमों को इस यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड कर दिया जाता है।
टैग्स चैनल उत्तर प्रदेश