होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / टीवी टुडे नेटवर्क के चेयरमैन अरुण पुरी ने बताया कामयाबी का ये ‘मूलमंत्र’
टीवी टुडे नेटवर्क के चेयरमैन अरुण पुरी ने बताया कामयाबी का ये ‘मूलमंत्र’
कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट पेश करने के दौरान टीवी टुडे नेटवर्क के चेयरमैन अरुण पुरी और वाइस चेयरपर्सन कली पुरी ने तमाम अहम पहलुओं पर अपनी बात रखी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘टीवी टुडे नेटवर्क’ (TV Today Network) के चेयरमैन अरुण पुरी का कहना है कि एक तरफ विविध प्लेटफार्म्स पर न्यूज की खपत (Consumption Of News) में वृद्धि एक उत्साहजनक संकेत है, वहीं एक न्यूज संस्थान का विकास और अस्तित्व उस कंटेंट की विश्वसनीयता और प्रासंगिकता पर निर्भर करता है, जो वह ऑडियंस तक पहुंचाता है।
वर्ष 2021-22 के लिए कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट पेश करने के दौरान अरुण पुरी का कहना था, ‘टीवी टुडे ने पत्रकारिता के प्राथमिक उद्देश्यों से कभी समझौता नहीं किया है, जो कि सच्चाई को जन-जन के पास तक ले जाना है।’ महामारी से उपजी चुनौतियों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके न्यूज नेटवर्क से कोई भी अहम खबर मिस नहीं हुई, फिर चाहे वह टीवी पर हो, प्रिंट पर हो अथवा हमारे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर हो।
अरुण पुरी के अनुसार, ‘पत्रकारिता के उच्च मानकों के प्रति प्रतिबद्धता का कोई तोड़ नहीं है। यह हमारे निडर पत्रकारों की टीम द्वारा यूक्रेन युद्ध की हमारी अथक रिपोर्टिंग में साफ दिखाई दिया और इस कवरेज की तमाम लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।’
पुरी ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि कंपनी के प्रमुख हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ (AajTak) के यूट्यूब पर 50 मिलियन सबस्क्राइबर्स हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आजतक दुनिया का ऐसा पहला और इकलौता न्यूज चैनल है, जिसने यह मुकाम हासिल किया है और यूट्यूब का प्रतिष्ठित कस्टम प्ले बटन हासिल किया है। बता दें कि यूट्यूब की ओर से यह प्ले बटन यूट्यूब क्रिएटर्स को 50 मिलियन सबस्क्राइबर्स तक पहुंचने के लिए दिया जाने वाला एक क्रिएटिव अवॉर्ड है।
इसके साथ ही उन्होंने समूह के नए न्यूज चैनल ‘गुड न्यूज टुडे’ (Good News Today) को लॉन्च करने के पीछे का तर्क भी बताया। अरुण पुरी का कहना था, ‘ऐसे समय में जब तमाम संस्थानों द्वारा निजी विचारों और सोशल मीडिया ट्रोलिंग को न्यूज के रूप में पेश किया जा रहा हो, गुड न्यूज टुडे आशावादी और प्रेरणादायक स्टोरीज को प्रसारित करता है। इसने पहले ही न्यूज नेटवर्क के व्यापक स्पेक्ट्रम में हलचल पैदा कर दी है और हमारे ऑडियंस तक इसकी पहुंच काफी बढ़ गई है।’
पुरी ने यह भी बताया कि कंपनी ने डिजिटल ऑडियो वर्टिकल में कदम रखा और अपना पहला पॉडकास्ट चैनल ‘आजतक रेडियो’ (Aaj Tak Radio) लॉन्च किया। पुरी का कहना था, ‘जानकारी और एंटरटेनमेंट की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए हमने दो बिल्कुल नए वीकली शोज के साथ इंडिया टुडे पॉडकास्ट भी लॉन्च किया है।’
इस दौरान शेयरहोल्डर्स के नाम अपने संदेश में ‘टीवी टुडे नेटवर्क’ की वाइस चेयरपर्सन कली पुरी ने टीवी से डिजिटल में व्युअर्स के शिफ्ट होने को लेकर चर्चा की और बताया कि कंपनी द्वारा इस स्थिति का किस तरह फायदा उठाया गया। कली पुरी का कहना था, ‘जब व्युअरशिप टीवी स्क्रीन से निकलकर मोबाइल फोन की स्क्रीन में शिफ्ट होने लगी तो हमने डिजिटल मोबाइल चैनल्स के रूप में डिजिटल फर्स्ट पहल की एक सीरीज शुरू की, जो अब ‘Taks’ के रूप में लोकप्रिय है।
कली पुरी ने बताया कि ‘Tak’ ऐप में 19 वीडियो चैनल्स का एक पूल है, जो चार भाषाओं-हिंदी, मराठी, गुजराती और गुरुमुखी में 11 जॉनर में कंटेंट पेश करता है। इसके तहत राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और विशेष रुचि वाले क्षेत्रों को कवर किया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कंपनी ने ‘इंडिया टुडे ऑरिजिनल्स’ (India Today Originals) नाम से एक नए वर्टिकल द्वारा ऑरिजिनल कंटेंट के क्षेत्र में कदम बढ़ाया है। इस वर्टिकल पर इस साल दो क्राइम-डॉक्यूमेंट्री सीरीज नेटफ्लिक्स पर ‘इंडियन प्रीडेटर-डायरी ऑफ ए सीरियल किलर (Indian Predator-Diary of a Serial Killer) और एमेजॉन प्राइम वीडियो पर ‘डांसिंग ऑन द ग्रेव‘ (Dancing on the Grave) के नाम से देखने को मिलेंगी। उन्होंने बताया कि टीवी टुडे भी अब ‘प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ (Producers Guild Of India) का सदस्य बन गया है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022 (FY22) में एडवर्टाइजिंग व अन्य परिचालनों से टीवी टुडे की इनकम 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 710.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 852.54 करोड़ रुपये हो गई है। सबस्क्रिप्शन इनकम में ज्यादा फर्क नहीं पड़ा है और यह 61.99 करोड़ रुपये से बढ़कर 62.30 करोड़ रुपये हो गई है। टोटल इनकम में 18.79 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और यह 782.98 करोड़ रुपये से बढ़कर 930.10 करोड़ रुपये हो गई है।
वहीं, कुल लागत में भी इजाफा हुआ है और 17 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ यह 624.17 करोड़ रुपये से बढ़कर 727.65 करोड़ रुपये हो गई है। एडवर्टाइजिंग, डिस्ट्रीब्यूशन और सेल्स प्रमोशन लागत 25 प्रतिशत इजाफे के साथ 170.34 करोड़ रुपये से बढ़कर 213.35 करोड़ रुपये हो गई है। इस वित्तीय वर्ष में प्रॉफिट में 39 प्रतिशत का इजाफा हुआ है और यह 131.17 करोड़ रुपये से बढ़कर 181.72 करोड़ रुपये हो गया है।
टैग्स इंडिया टुडे टीवी टुडे नेटवर्क अरुण पुरी कली पुरी इंडिया टुडे ग्रुप ब्रॉडकास्ट बिजनेस