होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / लंबे समय बाद रिहा हुए टीवी पत्रकार को फिर भेजा जेल, पढ़ें पूरा मामला
लंबे समय बाद रिहा हुए टीवी पत्रकार को फिर भेजा जेल, पढ़ें पूरा मामला
मणिपुर में फेसबुक पोस्ट को लेकर करीब 133 दिन बाद जेल से छूटे स्थानीय पत्रकार किशोरचंद्र वांगखेम को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
मणिपुर में फेसबुक पोस्ट को लेकर करीब 133 दिन बाद जेल से छूटे स्थानीय पत्रकार किशोरचंद्र वांगखेम (Kishorechandra Wangkhem) को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार वे दूसरी फेसबुक पोस्ट के चलते पिछले 43 दिनों से जेल में बंद हैं। दो समुदायों के बीच दुश्मनी भड़काने के आरोप में उन्हें 29 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था।
वह वर्तमान में ईस्ट इम्फाल के सजीवा सेंट्रल जेल में बंद हैं। इससे पहले उन्हें मणिपुर के मुख्यमंत्री की आलोचना करने पर गिरफ्तार किया गया था। उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की गई थी।
दरअसल, मणिपुर के एक मंत्री से कथित रूप से जुड़ी एक महिला ने उनकी पत्नी को लेकर एक फेसबुक पोस्ट लिखी थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वांगखेम ने उस पोस्ट का हवाला देते हुए मंत्री के बयान के राजनीतिक मायने के बारे में लिखा था। मंत्री की पत्नी राज्य की अल्पसंख्यक जनजाति मारम समुदाय से आती हैं। पोस्ट लिखने के एक हफ्ते बाद लोगों का इस पर ध्यान गया। मारम महिला संघ ने वांगखेम की पोस्ट को जनजाति के लिए अपमानजनक बताते हुए शिकायत की थी और सरकार से कार्रवाई की मांग की थी।
बता दें कि इससे पहले वांगखेम को नवंबर 2018 में रासुका के तहत गिरफ्तार किया गया था और 12 महीने तक हिरासत में रखने की सजा सुनाई गई थी और जेल भेज दिया गया था। हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था। किशोरचंद्र मणिपुर के स्थानीय टीवी चैनल ‘आईएसटीवी’ में एंकर थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था।
टैग्स किशोरचंद्र वांगखेम टीवी पत्रकार पत्रकार गिरफ्तार फेसबुक पोस्ट