होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकारों के बीच ये पत्रकार हैं सबसे लोकप्रिय
पत्रकारों के बीच ये पत्रकार हैं सबसे लोकप्रिय
सोशल मीडिया पर नेताओं और सेलेब्रिटीज की तरह पत्रकारों को फॉलो करने वालों की भी कमी नहीं है। कई पत्रकारों के तो लाखों फॉलोअर्स हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
सोशल मीडिया पर नेताओं और सेलेब्रिटीज की तरह पत्रकारों को फॉलो करने वालों की भी कमी नहीं है। कई पत्रकारों के तो लाखों फॉलोअर्स हैं, लेकिन अपनी बिरादरी में कौन सा पत्रकार सबसे ज्यादा लोकप्रिय है, यह समझना थोड़ा मुश्किल है। हालांकि, इस ‘मुश्किल’ को मिशिगन विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने हल करने का प्रयास किया है। उन्होंने अपने शोध में यह पता लगाया है कि ट्विटर पर अधिकांश पत्रकार किन पत्रकारों की सबसे ज्यादा सुनते हैं।
‘द प्रिंट’ के संस्थापक शेखर गुप्ता को पत्रकारों द्वारा सबसे ज्यादा फॉलो किया जाता है। दूसरे नंबर पर ‘आजतक’ के कंसल्टिंग एडिटर राजदीप सरदेसाई हैं और तीसरा स्थान मिलता है वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त को।
दूसरी श्रेणियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एकमात्र ऐसे राजनेता हैं, जिन्हें भारतीय पत्रकारों द्वारा सबसे अधिक फॉलो किया जाता है। इसी तरह बुद्धिजीवियों में पत्रकार इतिहासकार रामचंद्र गुहा को सर्वाधिक फॉलो करते हैं। मिशिगन विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं की टीम का हिस्सा रहे एसोसिएट प्रोफेसर जॉयजीत पाल ने कुछ वक्त पहले अध्ययन के निष्कर्षों को ट्विटर पर साझा किया था। इस शोध की कार्यप्रणाली में ‘नेताओं द्वारा सबसे ज्यादा रीट्वीट किये गए पत्रकारों के सीड सेट’ शामिल थे, साथ ही फिर उन पत्रकारों के दोस्तों को ढूंढना, और फिर यह पुष्टि करने के लिए कि वे पत्रकार थे या नहीं उनमें से प्रत्येक की हैण्ड-ऐनोटेटिंग करना।
प्रारंभिक सेट में 2,170 ट्विटर खाते शामिल थे, जिनमें से 1,899 को "ग्राउंड ट्रुथ जर्नलिस्ट" और 271 को "मीडिया कलेक्टिव" (नए संगठन, समाचार पत्र, आदि) के रूप में पहचाना गया। हालांकि, अध्ययन से उन पत्रकारों को बाहर रखा गया, जिनका खास नेटवर्क नहीं है- यानी वे अन्य पत्रकारों के मित्र नहीं हैं। सभी डेटा को ट्विटर पब्लिक एपीआई का उपयोग करके एकत्र किया गया था। डेटा विजुअलाइजेशन से यह बात सामने आई कि भले ही शेखर गुप्ता पत्रकार बिरादरी में अधिक लोकप्रिय हैं, लेकिन सरदेसाई ट्विटर पर अपेक्षाकृत ज्यादा लोकप्रिय हैं।
अध्ययन के मुताबिक, पीएम मोदी जहां पत्रकारों द्वारा सबसे अधिक फॉलो किये जाने वाले राजनेता के रूप में उभरे हैं, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी दूसरे और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तीसरे स्थान पर आते हैं। भले ही आप विधायक आतिशी और कांग्रेस नेता मनीष तिवारी फॉलोअर्स के मामले में पीछे हों, लेकिन दोनों पत्रकारों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। इसी तरह रामचंद्र गुहा के अलावा, वकील प्रशांत भूषण और अशोक विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रताप भानु मेहता भी भारतीय पत्रकारों में लोकप्रिय पाए गए। अध्ययन ने वकील गौतम भाटिया और लेखक अक्षय मुकुल को "सार्वजनिक टिप्पणीकारों" के रूप में संदर्भित किया, जिन्हें पत्रकारों द्वारा काफी फॉलो किया जाता है।
इस पूरे अध्ययन को आप यहां देख सकते हैं:
टैग्स राजदीप सरदेसाई बरखा दत्त शेखर गुप्ता रामचंद्र गुहा