होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जानें, क्यों अभी भी जेल में रहेंगे नोएडा के तीन पत्रकार
जानें, क्यों अभी भी जेल में रहेंगे नोएडा के तीन पत्रकार
ग्रेटर नोएडा की लुक्सर जेल में बंद हैं न्यूज चैनल से जुड़े तीनों पत्रकार
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर आपत्तिजनक खबर का प्रसारण करने के मामले में गिरफ्तार नोएडा के न्यूज चैनल ‘नेशन लाइव’ के तीन पत्रकारों को जमानत मिल गई है। इसके बावजूद तीनों की जेल से रिहाई नहीं हो पाई है। बताया जाता है कि चैनल की एमडी इशिका सिंह, मैनेजिंग एडिटर अनुज शुक्ला और एंकर अंशुल को अभी सिर्फ मुख्यमंत्री की मानहानि के आरोपों के मामले में कोर्ट से जमानत मिली है, लेकिन उन पर बिना वैध कागजातों के चैनल को चलाने का आरोप भी है। इस मामले में कोर्ट ने उनकी जमानत अर्जी खारिज कर दी है। ऐसे में फिलहाल तीनों को ग्रेटर नोएडा स्थित लुक्सर जेल में ही रहना होगा, जब तक उन्हें सभी मामलों में जमानत नहीं मिल जाती।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार को एडीजे- 5 नलिन कांत त्यागी की कोर्ट में सीएम योगी पर विवादित कार्यक्रम करने के मामले में सुनवाई के बाद अदालत ने इशिका सिंह, अंशुल और अनुज शुक्ला को जमानत दे दी। इस मामले में चैनल हेड अजय शाह फिलहाल फरार है। इसके अलावा एडीजीसी रोहताश शर्मा ने बताया कि बिना अनुमति चैनल चलाने के मुकदमे में एडीजे (फास्ट ट्रैक कोर्ट-1) वेदप्रकाश वर्मा की कोर्ट में सुनवाई के बाद तीनों की जमानत अर्जी खारिज कर दी गई।
गौरतलब है कि 6 जून को नोएडा के सेक्टर-65 स्थित नेशन लाइव चैनल पर एक डिबेट का आयोजन हुआ था। पुलिस का आरोप है कि इसमें मुख्यमंत्री के खिलाफ मानहानिजनक खबर चलाई गई थी। आठ जून को मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने तीनों पत्रकारों के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए थे।
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स योगी आदित्यनाथ अनुज शुक्ला नेशन लाइव इशिका सिंह अंशुल