होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / PTI ने लॉन्च की ‘East Live’, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों पर रहेगा खास फोकस
PTI ने लॉन्च की ‘East Live’, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों पर रहेगा खास फोकस
‘ईस्ट लाइव’ सर्विस पिछले हफ्ते शुरू हुई और यह ‘PTI’ की पहले से चल रही तीन लाइव वीडियो सर्विसेज का विस्तार है, जिनमें दो राष्ट्रीय और एक दक्षिण भारत के लिए समर्पित है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 4 months ago
देश की प्रतिष्ठित न्यूज एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अपनी चौथी लाइव वीडियो सर्विस ‘ईस्ट लाइव’ (East Live) लॉन्च की है, जो खासतौर पर देश के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों की खबरों को कवर करेगी।
‘ईस्ट लाइव’ सर्विस पिछले हफ्ते शुरू हुई और यह ‘PTI’ की पहले से चल रही तीन लाइव वीडियो सर्विसेज का विस्तार है, जिनमें दो राष्ट्रीय और एक दक्षिण भारत के लिए समर्पित है। इस नई सर्विस के साथ ‘PTI’ अकेली ऐसी भारतीय न्यूज़ एजेंसी बन गई है जो अपने सब्सक्राइबर्स को एक साथ चार लाइव वीडियो फीड उपलब्ध कराती है।
इस बारे में ‘PTI’ के CEO और एडिटर-इन-चीफ विजय जोशी ने कहा, ‘यह PTI वीडियो सर्विस के लिए गर्व का पल है। बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और उत्तर-पूर्व के राजनीतिक और सांस्कृतिक जीवन को अब पहले से ज्यादा जगह मिलेगी। PTI पूरे भारत से व्यापक खबरें देने के लिए प्रतिबद्ध है और यह फीड पूर्वी क्षेत्र की जीवंतता दिखाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।‘
‘ईस्ट लाइव’ फीड सब्सक्राइबर्स को लाइव इवेंट, प्रेस कॉन्फ्रेंस, राजनीतिक अपडेट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ब्रेकिंग न्यूज तक सहज पहुंच उपलब्ध कराएगी। यह पहल ‘PTI’ की अपने बढ़ते सब्सक्राइबर बेस को गुणवत्तापूर्ण, ताज़ा और निष्पक्ष समाचार देने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
बता दें कि वर्ष 2023 में लॉन्च हुई ‘PTI’ की वीडियो सर्विस ने तेजी से लोकप्रियता हासिल की है और इसका सब्सक्राइबर बेस राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मीडिया में तेजी से बढ़ रहा है। एजेंसी के अनुसार, भरोसे और निष्पक्षता के सिद्धांतों पर आधारित और नई तकनीक से समर्थित PTI Videos वर्तमान में रोजाना 300 से ज्यादा लाइव फीड्स के साथ और गैरसंपादित और संपादित कंटेंट प्रदान करती है, जो ब्रॉडकास्ट और डिजिटल सब्सक्राइबर्स की विविध जरूरतों को पूरा करती है।
टैग्स