होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / CAA के खिलाफ इस पत्रकार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब
CAA के खिलाफ इस पत्रकार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने वालों में एक नाम पूर्व पत्रकार और एक्टिविस्ट साकेत गोखले का भी है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
गौरतलब है कि याचिकाओं पर इसी महीने सुनवाई होनी है। कोर्ट ने 22 जनवरी को 143 याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए स्पष्ट किया था कि सीएए के क्रियान्वयन पर रोक नहीं लगाई जाएगी और सरकार से चार सप्ताह में जवाब मांगा था। इसके साथ ही अदालत ने कहा था कि त्रिपुरा और असम से संबंधित याचिकाएं और नियम तैयार हुए बगैर ही सीएए को लागू कर रहे उत्तर प्रदेश से संबंधित मामलों पर अलग से विचार किया जा सकता है।
गोखले के साथ ही कांग्रेस सांसद जयराम रमेश, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, राजद नेता मनोज झा, एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी के अलावा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने सीएए को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
साकेत गोखले फाइनेंशियल टाइम्स से बतौर विदेश संवाददाता जुड़े हुए थे और करीब डेढ़ साल पहले ही उन्होंने पत्रकारिता छोड़कर एक्टिविस्ट के रूप में काम करना शुरू किया। वह अब तक कई आरटीआई दायर कर चुके हैं। गृहमंत्रालय ने जिस आरटीआई के जवाब में साफ किया था कि उसे किसी टुकड़े-टुकड़े गैंग के बारे में जानकारी नहीं है, वो गोखले ने ही दायर की थी। इसके अलावा, उन्होंने पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में कपिल मिश्रा के भड़काऊ भाषण के लिए अधिकारी के खिलाफ जांच की मांग की है। गोखले ने इस संबंध में पुलिस कमिश्नर को पत्र भी लिखा है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि संतोषजनक उत्तर नहीं मिला, तो वह मामले को अदालत लेकर जाएंगे।
साकेत गोखले को कांग्रेस का करीबी माना जाता है और वह खुद भी इससे इनकार नहीं करते। वह राहुल गांधी को अपना प्रेरणास्त्रोत मानते हैं। पिछले साल अपने एक ट्वीट में उन्होंने इसका जिक्र भी किया था। उन्होंने लिखा था, ‘जब मैं पत्रकारिता छोड़कर भारत आया, तो केवल राहुल गांधी की वजह से ही जनता के लिए कुछ करने की दिशा में आगे बढ़ सका। गैर राजनीतिक परिवार से आने के बावजूद मैंने हमेशा यह महसूस किया है कि मेरे विचारों को राहुल गांधी के नेतृत्व में सुना गया है।’
टैग्स सुप्रीम कोर्ट साकेत गोखले नागरिकता संशोधन कानून सीएए