होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / CM स्टालिन की मध्यस्थता के बाद क्या खत्म हो रहा मारन बंधुओं के बीच वर्षों पुराना विवाद?
CM स्टालिन की मध्यस्थता के बाद क्या खत्म हो रहा मारन बंधुओं के बीच वर्षों पुराना विवाद?
सन टीवी नेटवर्क के चेयरमैन कलानिधि मारन और उनके छोटे भाई, डीएमके सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री दयानिधि मारन के बीच वर्षों पुराना पारिवारिक विवाद अब सुलझता दिख रहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
सन टीवी नेटवर्क के चेयरमैन कलानिधि मारन और उनके छोटे भाई, डीएमके सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री दयानिधि मारन के बीच वर्षों पुराना पारिवारिक विवाद अब सुलझता दिख रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, जो मारन बंधुओं के चचेरे भाई भी हैं, की मध्यस्थता से दोनों भाइयों के बीच सुलह की प्रक्रिया शुरू हुई है।
जानकारों के लिए यह तथ्य उल्लेखनीय है कि मारन बंधु दिवंगत डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि के भतीजे हैं। 'मनीकंट्रोल' को सूत्रों ने बताया कि हाल ही में सीएम स्टालिन की मौजूदगी में दोनों भाइयों के बीच एक निजी मुलाकात हुई। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन और उनकी बहन अन्बुकरासी भी मौजूद रहीं।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि इस सुलह का स्वरूप वित्तीय समझौते का हिस्सा है या कारोबार से जुड़ी संपत्तियों के विभाजन का, लेकिन इतना जरूर है कि यह घटनाक्रम इस गहरे व्यक्तिगत और हाई-स्टेक विवाद में एक निर्णायक मोड़ की ओर इशारा करता है।
यह संभावित मेल-मिलाप ऐसे समय पर सामने आया है जब बीते जून में दयानिधि मारन ने अपने बड़े भाई कलानिधि मारन को एक कानूनी नोटिस भेजा था। इस नोटिस में उन्होंने वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए थे, जिनमें कुप्रबंधन, धोखाधड़ी और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग जैसे आरोप शामिल थे। ये सभी आरोप सन टीवी के स्वामित्व और शेयरहोल्डिंग से जुड़े थे, खासकर 2003 में उनके पिता मुरासोली मारन के निधन के बाद की स्थिति को लेकर। दयानिधि का कहना था कि उनके पिता ने कोई वसीयत नहीं छोड़ी थी और इसलिए कंपनी की स्वामित्व संरचना को उसी स्थिति में लौटाया जाना चाहिए जैसी वह उस समय थी।
जैसे ही यह विवाद सार्वजनिक हुआ, मीडिया और शेयर बाजार की नजर इस पर टिक गई। दयानिधि ने यह चेतावनी भी दी थी कि इस मामले की जांच SEBI, RBI, ED, SFIO और कंपनी रजिस्ट्रार जैसी नियामक एजेंसियां कर सकती हैं। विवाद की खबर आते ही सन टीवी के शेयरों में जोरदार गिरावट आई और शुरुआती कारोबार में ही कंपनी के शेयर 5 फीसदी से अधिक टूट गए।
इस पूरी स्थिति में यदि सुलह की दिशा में कोई ठोस प्रगति होती है, तो यह न सिर्फ मारन परिवार के लिए बल्कि सन टीवी नेटवर्क के कारोबार और निवेशकों के लिए भी एक सकारात्मक संकेत होगा।
टैग्स