होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / बदमाशों ने पत्रकार के बेटे को बनाया निशाना, मारने से पहले पार कीं हैवानियत की सारी हदें
बदमाशों ने पत्रकार के बेटे को बनाया निशाना, मारने से पहले पार कीं हैवानियत की सारी हदें
देश भर में पत्रकारों को आए दिन निशाना बनाया जा रहा है। कभी उनके साथ मारपीट की जाती है, तो कहीं पर उनकी हत्या तक कर दी जाती है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
देश भर में पत्रकारों को आए दिन निशाना बनाया जा रहा है। कभी उनके साथ मारपीट की जाती है, तो कहीं पर उनकी हत्या तक कर दी जाती है। अब तो पत्रकारों के परिजन भी बदमाशों के निशाने पर आ गए हैं। बिहार के नालंदा में कुछ ऐसा ही हुआ है, जहां पर बदमाशों ने एक पत्रकार के 18 साल के बेटे की हत्या कर दी। यही नहीं, बदमाशों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए पीड़ित की आंखें भी निकाल लीं। पुलिस का कहना है कि मृतक की आंखों से खून बह रहा था। इसके अलावा शरीर पर कोई चोट नहीं दिख रही थी। मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा।
बताया जाता है कि बिहार के नालंदा में एक प्रतिष्ठित अखबार के ब्यूरो चीफ आशुतोष कुमार के बेटे अश्विनी कुमार उर्फ चिंटू हसनपुर गांव से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन उनका परिवार हरनौत में रहता है। वह कभी-कभार ही अपने गांव जाते थे। हसनपुर गांव के पास रविवार को एक तालाब में चिंटू का शव मिला। नालंदा एसपी नीलेश कुमार ने पुलिस ने कहा कि चिंटू दोपहर बाद घर नहीं लौटा था। पुलिस ने बताया कि यह अभी नहीं पता चल पाया है कि चिंटू कब और कैसे गांव पहुंचा क्योंकि वह अपने परिवार के साथ हरनौत में रहता था। एसपी ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आ सकती है, क्योंकि घरवाले फिलहाल पुलिस को कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं हैं।
टैग्स पत्रकार के बेटे की हत्या