होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अब इस मंच पर सम्मानित हुए वरिष्ठ टीवी पत्रकार राणा यशवंत
अब इस मंच पर सम्मानित हुए वरिष्ठ टीवी पत्रकार राणा यशवंत
हिंदी साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए एक समारोह में दिया गया प्रतिष्ठित सम्मान
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
वरिष्ठ टीवी पत्रकार राणा यशवंत के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। उन्हें राजवल्लभ साहित्य सम्मान 2019 से सम्मानित किया गया है। राणा यशवंत को यह सम्मान हिंदी साहित्य में उनके योगदान के लिए दिया गया है।
बता दें कि देवरिया में शिक्षाविद और साहित्यकार शिवनारायण सिंह की संस्था की ओर से राजवल्लभ सम्मान दिया जाता है। देवरिया के प्रेस्टिज इंटर कालेज में आयोजित एक समारोह में राणा यशवंत को यह सम्मान दिया गया। इसके तहत उन्हें 21 हजार रुपए, वाग्देवी की प्रतिमा व प्रशस्ति पत्र दिया गया।
राणा यशवंत मूलत: बिहार के छपरा जिले के रामपुर कला गांव के रहने वाले हैं और वहीं से उन्होंने दसवीं तक पढ़ाई की है। इसके बाद की पढ़ाई उन्होंने पटना में रहकर की। बाद में वे बनारस आ गए और यहां रहकर उन्होंने उच्च शिक्षा ग्रहण की। वे आईआईएमसी के 1996-97 बैच के छात्र रह चुके हैं और कई जाने-माने चैनलों में भी विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। इनमें जी न्यूज, आजतक, महुआ और इंडिया न्यूज जैसे चैनल शामिल है।
उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। ‘अर्धसत्य’ कार्यक्रम के लिए उन्हें रेड इंक अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। साल 2012 में उन्हें राजीव गांधी ग्लोबल एक्सिलेंस अवॉर्ड भी मिल चुका है। वर्ष 2016 में उनका काव्य संग्रह ‘अंधेरी गली का चांद’ भी मार्केट में आया था, जिसने काफी प्रशंसा बटोरी थी।
कुछ माह पूर्व उन्होंने ‘इंडिया न्यूज’ के साथ अपनी पारी को विराम दे दिया था। यहां वह मैनेजिंग एडिटर के तौर पर लंबे समय से जिम्मेदारी निभा रहे थे। फिलहाल वे अपने नए वेंचर यूट्यूब चैनल ‘द फ्रंट’ (The Front) में बतौर संपादक अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
टैग्स राणा यशवंत राजवल्लभ साहित्य सम्मान 2019